उत्तर प्रदेश
धर्म-कर्म
स्पेशल स्टोरी
AI Statue, AI Statue of Lord Ganesha, Artificial Intelligence, Ganesh AI Statue, Gorakhpur News, Institute of Technology and Management, ITM GIDA, आईटीएम गीडा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, एआई प्रतिमा, गणेश एआई प्रतिमा, भगवान गणेश की एआई प्रतिमा
Shailendra Singh
0 Comments
ITM गीडा की छात्राओं ने तैयार की भगवान गणेश की हाईटेक AI प्रतिमा, घर और प्रतिष्ठान की करेगी रक्षा
गोरखपुर: देशभर में गणेश महोत्सव इस बार पूरे भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह आकर्षक पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गईं। घरों में भी श्रद्धालुओं ने छोटे-छोटे गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की। इसी दौरान गोरखपुर के बड़गहन स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम) गीडा की छात्राओं ने भगवान गणेश की एक अद्भुत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रतिमा बनाई है।
आईटीएम गीडा की बीसीए सेकेंड ईयर की तीन छात्राओं प्रिया सिंह, स्नेहा यादव और अंकिता सिंह ने मिलकर भगवान गणेश की एक ऐसी एआई प्रतिमा बनाई है, जो श्रद्धा और विज्ञान का प्रतीक होने के साथ-साथ कई टेक्नोलॉजी से भी लैस है। छात्रा प्रिया सिंह ने बताया कि प्रतिमा के नीचे बेस में ऐसे सेंसर्स लगाए हैं, जो आपके घर और प्रतिष्ठान की रक्षा करने में मदद करेंगे। प्रतिमा में लगे जीपीएस कॉलिंग अलार्म घर व प्रतिष्ठान को लूट व चोरी जैसी घटनाओं से बचाने के साथ ही सतर्क करने का काम करेगा। इसके अलावा मुसीबत में जरूरत पड़ने पर पड़ोसी और पुलिस को मोबाइल नेटवर्क के जरिए सूचना पहुंचाने में भी मदद करेगा।
आपातकालीन परिस्थितियों में सुनिश्चित होगी सुरक्षा
छात्रा स्नेहा यादव ने बताया कि गणेश जी की यह एआई प्रतिमा आपातकालीन परिस्थितियों में घर की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। विशेष रूप से इसे घर के अंदर लॉकर के पास या ज्वेलरी शॉप पर रखा जा सकता है। फिलहाल यह एक प्रोटोटाइप है, जिसे प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया गया है। छात्रा अंकिता सिंह ने बताया कि प्रतिमा में लगे सेंसर सामने से आने वाले पर नजर रखते हैं और निर्धारित रेंज के अंदर रात में जैसे कोई ह्यूमन बॉडी हरकत करती है तो ये सेंसर्स एक्टिव होकर अलार्म और सेट नंबर पर कॉल करना शुरू कर देते हैं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचाव किया जा सकता है।
छात्राओं ने बताया कि इस प्रतिमा को बनाने में फायर सेंसर, इन्फ्रारेड सेंसर, रेडियो अलार्म, रिले 5 वोल्ट मॉड्यूल, जीएसएम कॉलिंग चिप, चार्जिंग अलार्म और ट्रांसमीटर-रिसीवर आदि उपकरणों का प्रयोग किया गया है। इस एआई प्रतिमा को किसी भी सामान्य मोबाइल चार्जर से चार्ज किया जा सकता है। यह 2 घंटे चार्जिंग के बाद 15 दिन तक कार्य करने में सक्षम है। भगवान गणेश की यह हाईटेक एआई प्रतिमा आठ हजार रुपये में तैयार हुई है। वहीं, छात्राओं की इस कामयाबी पर संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने बताया कि इस एआई प्रतिमा को को बनाने में छात्राओं ने कड़ी मेहनत की है। हम उन्हें शुभकामनाएं देने के साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।



Post Comment