Bareilly में बोले श्यामलाल पाल- भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी यूपी की आधी आबादी
Bareilly: समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने महिलाओं के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार झूठे विधेयकों के जरिए आधी आबादी को गुमराह कर रही है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार और दुराचार की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। सरकार का महिला आरक्षण विधेयक आधी आबादी के साथ धोखा है, सपा महिलाओं को पूरा सम्मान और अधिकार देने के पक्ष में है।
पीडीए महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग
उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन उसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण जरूरी है। बिना इस व्यवस्था के आरक्षण अधूरा और भ्रामक साबित होगा। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने गाजीपुर और हरदोई की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामलों में न्याय के बजाय राजनीति हो रही है। जब सपा प्रतिनिधिमंडल पीड़ितों से मिलने गया तो उन पर हमला किया गया और उल्टा नेताओं पर ही मुकदमे दर्ज कर दिए गए।
पंचायत चुनाव टालने पर उठाए सवाल
पाल ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर पंचायत चुनाव न कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव न होने से लोकतंत्र कमजोर होगा और गांवों का विकास ठप पड़ जाएगा। ये लोकतंत्र की हत्या है। श्यामलाल पाल ने साफ किया कि समाजवादी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने बढ़ती महंगाई, विश्वविद्यालयों की फीस, बंद होते प्राथमिक विद्यालय और किसानों की समस्याओं को भी सरकार की विफलता बताया। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की तरह उत्तर प्रदेश की आधी आबादी भी भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी और सपा को मजबूत जनसमर्थन मिलेगा।



Post Comment