अखिलेश यादव को पोस्टर में ‘रहमान डकैत’ दिखाने पर भड़के सपाई, बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे

अखिलेश यादव को पोस्टर में ‘रहमान डकैत’ दिखाने पर भड़के सपाई, बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ राजधानी में लगी होर्डिंग्स के खिलाफ मंगलवार दोपहर सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। पोस्टर फाड़ डाले और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हजरतगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर भी दी है। सपाइयों ने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग इस तरह के होर्डिंग्स लगाकर हमारे नेता का अपमान कर रहे हैं। इसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।

ये होर्डिंग्स ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नाम की संस्था ने लखनऊ, जौनपुर, अमेठी समेत 10 जिलों में लगवाए हैं। इसकी तस्वीरें मंगलवार सुबह सामने आईं। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। होर्डिंग में अखिलेश को फिल्म ‘धुरंधर’ के विलेन ‘रहमान डकैत’ की तरह दिखाया गया है। नीचे लिखा है- अखिलेश का ल्यारी राज।

आपको क्‍या चाहिए? सवाल भी पूछा

इसके नीचे उनके शासनकाल के दौरान हुए मुजफ्फरनगर, शामली के दंगों की खबरों की कटिंग लगी है। होर्डिंग में एक तरफ कन्या पूजन करते योगी की तस्वीर लगी है। नीचे लिखा है- धुरंधर सीएम। इसके नीचे माफिया अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी पर एक्शन की कटिंग लगी है। होर्डिंग के जरिए पूछा गया है- आपको क्या चाहिए?

अखिलेश यादव को पोस्टर में ‘रहमान डकैत’ दिखाने पर भड़के सपाई, बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे

वहीं, होर्डिंग के खिलाफ समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार शुक्ला ने कहा कि ये होर्डिंग सस्ती लोकप्रियता पाने की साजिश है। लोकप्रियता ऐसे नहीं मिलती, इसके लिए समाज में रहकर काम करना पड़ता है। हमारे नेता अखिलेश यादव जन-जन तक पहुंचे और लोगों के दुख-दर्द में शामिल हुए।

उन्‍होंने कहा कि होर्डिंग लगाने वाले कह रहे हैं कि वे Gen-Z को जागरूक कर रहे हैं। तो बताएं कि उन्होंने क्या बेहतर काम किया है? मौजूदा सरकार में सबसे ज्यादा बलात्कार हुए हैं। वहीं, समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज कोतवाली में पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ तहरीर दी है।

होर्डिंग्स का फिल्म धुरंधर से कनेक्शन

होर्डिंग में एक तरफ सपा शासन को दंगे, अराजकता और माफियाराज से जोड़कर दिखाया गया है। लाल टोपी, काला चश्मा लगाए अखिलेश की एडिट की हुई तस्वीर लगी है। इसमें अखिलेश ‘रहमान डकैत’ की तरह दिखाए गए हैं। उनकी तस्वीर के नीचे 2012 से 2017 के बीच के सपा शासनकाल के अपराधों की घटनाओं का जिक्र किया गया है। फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत की भूमिका बॉलीवुड एक्टर अक्षय खन्ना ने निभाई है। रहमान डकैत पाकिस्तान के कराची में ल्यारी नाम के इलाके का डॉन था।

वहीं, सीएम योगी की सरकार में माफिया के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में बताया गया है। होर्डिंग पर ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नामक संस्था के पदाधिकारियों के नाम और तस्वीरें लगी हैं। सीएम आवास के पास लगी होर्डिंग में संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष सिंह, महामंत्री अभिनव तिवारी के नाम फोटो सहित लगे हैं।

संगठन के महामंत्री बोले– होर्डिंग्स राजनीति से प्रेरित नहीं

वहीं, संगठन के महामंत्री अभिनव तिवारी ने बताया कि होर्डिंग्स किसी भी राजनीतिक दल या नेता से प्रेरित नहीं हैं। यह एक तरह का जनजागरूकता और संवाद अभियान है। इसके जरिए युवाओं से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वे भविष्य में किस दिशा में जाना चाहते हैं? इसका मकसद किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं है। 15 अप्रैल को संगठन प्रेस वार्ता करेगा। इसमें इस अभियान से जुड़ी डिटेल जानकारी शेयर की जाएगी।

Post Comment

You May Have Missed