शाहजहांपुर: अपना दल (एस) के प्रदेश स्तरीय सदस्यता अभियान का आगाज
शाहजहांपुर। अपना दल (सोनेलाल) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक अनुप्रिया पटेल शाहजहांपुर पहुंची। शाहजहांपुर में अपना दल (सोनेलाल) के प्रदेश स्तरीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही, भारत रत्न बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर गांधी भवन सभागार में होने वाले कार्यक्रम में अनुप्रिया पटेल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं।

पार्टी ने बहुप्रतीक्षित सदस्यता अभियान के आगाज के लिए बाबासाहेब की जयंती का दिन तय किया था। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी इस घड़ी की बड़ी बेसब्री से प्रतीक्षा थी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान अनुप्रिया पटेल ने कहा, बाबा साहब ने सिर्फ हमे संविधान नहीं दिया है बल्कि हमे एक नई दिशा दी है। 142 करोड़ भारतीयों के मन में बाबा साहब द्वारा दी गई प्रेरणा उनके भविष्य को प्रकाशित करने का काम कर रही है। बाबा साहब ने सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र अवधारणा को इस देश के समक्ष प्रस्तुत किया था।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सामाजिक न्याय की लौ को जलाए रखना हमारा नैतिक कर्तव्य हैं, हम सब की जिम्मेदारी भी है। कोई भी आपराधिक टाइप का आदमी सदस्य न बनने पाए इसका विशेष ध्यान रखना है। अपना दल सामाजिक न्याय की अवधारणा को और मजबूत करने के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहा है। अपना दल ने अपनी वैचारिक प्रतिबद्धताओं के साथ कभी समझौता नहीं किया।



Post Comment