RBI के रेपो रेट न बदलने से लोगों को राहत, महंगे नहीं होंगे लोन

RBI के रेपो रेट न बदलने से लोगों को राहत, महंगे नहीं होंगे लोन

नई दिल्‍ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की नए वित्त वर्ष की पहली बैठक में रेपो रेट में बदलाव नहीं किया गया है। इसे 5.25% पर बरकरार रखा है। यानी लोन महंगे नहीं होंगे और आपकी EMI भी नहीं बढ़ेगी। गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार (08 अप्रैल) को मॉनीटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग में लिए फैसलों की जानकारी दी।

इससे पहले फरवरी में भी रेपो रेट में बदलाव नहीं हुआ था। RBI ने आखिरी बार दिसंबर 2025 में ब्याज दर 0.25% घटाकर 5.25% की थी। RBI जिस रेट पर बैंकों को लोन देता है, उसे रेपो रेट कहते हैं। जब RBI रेपो रेट घटाता है तो बैंक इस फायदे को ग्राहकों तक पहुंचाते हैं।

2025 में चार बार में 1.25% की कटौती

  • फरवरी 2025 में ब्याज दरों को 6.5% से घटाकर 6.25% कर दिया था।
  • मॉनीटरी पॉलिसी कमेटी की ये कटौती करीब 5 साल बाद की गई थी।
  • दूसरी बार अप्रैल में हुई मीटिंग में भी ब्याज दर 0.25% घटाई गई।
  • जून में तीसरी बार RBI में दरों में 0.50% कटौती की थी।
  • दिसंबर में 0.25% की कटौती के बाद ब्याज दरें 5.25% पर आ गई थी।

ब्याज दर में बदलाव नहीं करने की वजह

RBI गवर्नर के अनुसार, महंगाई में फिर से उछाल आने का खतरा अभी टला नहीं है। खराब मौसम और बेमौसम बारिश की वजह से फल, सब्जियों और अनाज की कीमतों में बढ़ोतरी होने की आशंका है। ईरान-इजरायल जंग की वजह से सप्लाई चैन पर बुरा असर पड़ रहा है।

आरबीआई अभी ‘रुको और देखो’ की नीति अपना रहा है। ग्लोबल मार्केट में मची उथल-पुथल को देखते हुए आरबीआई जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहता। बैंक अभी दुनिया भर के आर्थिक हालातों पर नजर रखना चाहता है। इसी वजह से ब्याज दर में बदलाव नहीं किया गया।

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा की बड़ी बातें

  • भारत की मैक्रो-इकोनॉमिक स्थिति मजबूत है; ईरान युद्ध की वजह से हालात चुनौतीपूर्ण हैं।
  • एनर्जी (तेल-गैस) की कीमतें बढ़ने से ग्लोबल ग्रोथ पर खतरा मंडरा रहा है।
  • युद्ध की वजह से बढ़ी अनिश्चितता का असर इकोनॉमी के आउटलुक पर पड़ रहा है।

Post Comment

You May Have Missed