कैबिनेट मंत्री के भाई के आवास पर खुले जिम में दुष्कर्म, बरेली पुलिस से गिड़गिड़ाकर बोला- गलती हो गई
बरेली: कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के भाई के घर के ऊपरी हिस्से में चल रहे जिम में संचालक ने एमबीबीएस डॉक्टर से दुष्कर्म किया। उसने डॉक्टर को वजन कम करने के नाम पर नशीला ड्रिंक पिलाया। जब वह बेहोश हो गई, तो उसे अपने प्राइवेट रूम में ले गया। इस दौरान जिम संचालक के छोटे भाई ने डॉक्टर के न्यूड वीडियो शूट कर लिए। साथ ही कमरे में लगे हिडन कैमरे से भी वीडियो शूट किए।
पिछले महीने (अप्रैल में) जब जिम संचालक ने महिला डॉक्टर को उसके न्यूड वीडियो दिखाकर 50 लाख रुपये मांगे, तब उसे वीडियो बनाने के बारे में पता चला। इसके बाद महिला डॉक्टर ने जिम जाना छोड़ दिया। तब दोनों भाई उसके घर पहुंच गए। धमकी देते हुए कहा कि रुपये दो, नहीं तो वीडियो वायरल कर दूंगा।
महिला डॉक्टर ने पुलिस से की शिकायत
महिला डॉक्टर ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कस्टडी में दोनों भाई लंगड़ाते हुए दिखे। हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहते रहे- साहब हमसे गलती हो गई, अब ऐसा अपराध कभी नहीं करेंगे। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है।
कैबिनेट मंत्री के भाई के घर के ऊपर है जिम
सिविल लाइंस में बड़े डाकखाना के सामने कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के भाई जागन सिंह का दो मंजिला आवास है। बरेली प्रवास के दौरान मंत्री यहीं रुकते हैं। मंत्री के भाई ने बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर का कुछ हिस्सा रेंट पर दे रखा है, जिसमें ग्राउंड फ्लोर पर बाबा रामदेव का पतंजलि स्टोर चलता है। बेसमेंट में एक ब्यूटी पार्लर खुला हुआ है। फर्स्ट फ्लोर पर अल्टीमेट जिम है। जिम 10 साल से संचालित हो रहा है।
वजन घटाने के नाम पर पिलाते थे नशीला ड्रिंक
मामले में सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने बताया था कि 04 मई को 40 साल की महिला डॉक्टर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। डॉक्टर ने बताया कि वह करीब 2 साल से सिविल लाइंस स्थित ‘अल्टीमेट फिटनेस जिम’ जा रही थी। जिम के संचालक अकरम बेग और उसका भाई आलम बेग है। दोनों भाइयों ने डॉक्टर को तेजी से वजन घटाने का झांसा दिया। उसे एक खास ‘प्री-वर्कआउट ड्रिंक’ ऑफर किया। इस ड्रिंक में दोनों भाइयों ने नशीला पदार्थ मिला दिया।
महिला डॉक्टर ने वह ड्रिंक पी लिया और बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों भाई महिला डॉक्टर को जिम में बने एक प्राइवेट कमरे में ले गए और वहां अकरम ने रेप किया। इस कमरे में उन लोगों ने पहले से ही कैमरा लगा रखा था। साथ ही आलम ने अपने मोबाइल से भी अश्लील वीडियो शूट किए। पुलिस ने उनके पास से ये वीडियो भी बरामद किए हैं।
हिंदू महासभा ने की जिम की जांच की मांग
हिंदू महासभा के मंडल अध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि जिम में इस तरह से जिहाद चल रहा है। हिंदू महिलाओं के साथ जिम की आड़ में गलत काम किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी जिम की जांच की जानी चाहिए। हर जिम में महिला ट्रेनर रखनी चाहिए।



Post Comment