यूपी के 10 शहरों में बारिश, 44 में अलर्ट जारी; कल भी बिगड़ा रहेगा मौसम
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गुरुवार को लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, अयोध्या, प्रयागराज, प्रतापगढ़, गाजियाबाद, संभल, फर्रुखाबाद और हाथरस में बारिश हुई। बरेली समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल छाए हैं। लखनऊ और आसपास के इलाकों में तड़के 4.30 बजे आंधी चली। फिर बरसात शुरू हो गई। करीब 3 घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस दौरान कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। कुछ जगहों पर जलभराव भी देखा गया। फिलहाल, धूप निकल आई है। लेकिन, नमी भरी हवाएं मौसम में ठंडक बनाए हुए हैं।
मौसम विभाग ने आज 44 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी. प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लोग सतर्क रहें। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
सात दिनों से बिगड़ा हुआ है मौसम
दरअसल, प्रदेश में पिछले 7 दिनों से मौसम बिगड़ा हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से मौसम बदला है। अधिकतम तापमान 40°C से नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बांदा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। 16 डिग्री के साथ बिजनौर में सबसे ठंडा रहा।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से बादल बन रहे हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और पश्चिम से आने वाली सूखी हवाएं आपस में टकराकर वातावरण को अस्थिर बना रही हैं। आज और कल मौसम बिगड़ा ही रहेगा। फिर गर्मी अपने तेवर दिखाएगी।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 8 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। पूर्वी यूपी में आंधी-बारिश के आसार हैं।
- 9 मई: पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
- 10 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। बादल छाए रहेंगे। गर्मी बढ़ेगी।
- 11 मई: पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा।
- 12 मई: पूरे प्रदेश में बादए छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश होगी। आंधी चलेगी।
UP के 44 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, बरेली, बदायूं, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अंबेडकर नगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, कुशीनगर, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, मऊ, गाजीपुर, बलिया, चंदौली, सोनभद्र एवं आसपास के क्षेत्र।



Post Comment