यूपी के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट, 30 शहरों में कोहरा; बफीर्ली हवा से कांपे लोग
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शनिवार को 16 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है। अगर ओले गिरे तो तापमान और लुढ़केगा। आज सुबह से 30 शहरों में भीषण कोहरा छाया हुआ है। सड़कों पर कुछ भी दिखाई नहीं पड़ रहा है। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश जैसा महसूस करा रही हैं। ठंड इतनी है कि बाइक चलाने पर हाथ सुन्न हो जा रहा है।
मथुरा में हाथियों को गर्म कपड़े पहनाए गए हैं। बाड़ों में हैलोजन लैंप और तिरपाल की चादरें लगाई गई हैं। शाहजहांपुर में ठंड से बचने के लिए अलाव के पास गाय और डॉग भी बैठे दिखाई दिए। अलीगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का पारा 3.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
ट्रेनें-फ्लाइटें लेट
कोहरे का असर ट्रेन और फ्लाइटों पर देखने को मिल रहा है। गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी समेत तमाम स्टेशनों पर 50 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कुछ तो 10-10 घंटे की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी एयरपोर्ट पर 5 से ज्यादा फ्लाइटें लेट पहुंचीं।
प्रदेश में 8वीं तक स्कूल बंद
लखनऊ, कौशांबी, मेरठ, कानपुर में 8वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद हैं। बाकी कक्षाएं सुबह 10 बजे से चलेंगी। इसके अलावा शाहजहांपुर में 12वीं तक स्कूल 14 जनवरी तक, जबकि मथुरा, प्रयागराज, बरेली, अंबेडकरनगर, कन्नौज और चंदौली में 10 जनवरी तक बंद हैं।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने कहा कि प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से 11 जनवरी तक मौसम ऐसा ही रहेगा। फिर दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़त की संभावना है।
इन जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, संभल और रामपुर में बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं बारिश और ओले भी गिर सकते हैं।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर,श्रावस्ती, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड्, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा,हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर।



Post Comment