लखनऊ में UPSSSC मुख्यालय पर प्रदर्शन, जमीन पर बैठे होम्योपैथिक फार्मासिस्ट अभ्यर्थी

लखनऊ में UPSSSC मुख्यालय पर प्रदर्शन, जमीन पर बैठे होम्योपैथिक फार्मासिस्ट अभ्यर्थी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) मुख्यालय पर गुरुवार सुबह होम्योपैथिक फार्मासिस्ट अभ्यर्थी पहुंच गए हैं। वे भर्ती संख्या 09/2024 का अंतिम परिणाम जारी करने की मांग कर रहे हैं। यहां आयोग मुख्यालय के सामने जमीन पर बैठकर सुबह से शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं।

अभ्यर्थियों का कहना है कि 397 पदों के लिए मुख्य परीक्षा 02 फरवरी, 2025 को आयोजित की जा चुकी है। इसके बाद सितंबर 2025 में 2410 अभ्यर्थियों का अतिरिक्त सत्यापन भी पूरा करा लिया गया था। इसके बावजूद करीब 9 महीने बीत जाने के बाद भी अंतिम परिणाम जारी नहीं किया गया है।

मानसिक और आर्थिक दबाव का सामना कर रहे

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि आयोग की ओर से 9 महीने लगातार परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इससे हजारों उम्मीदवारों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उनका कहना है कि लंबे इंतजार के कारण वे मानसिक और आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं।

पिकअप भवन पहुंचे अभ्यर्थियों ने ‘हमारी मेहनत, हमारा अधिकार’, ‘परिणाम दो, न्याय दो’ और ‘हक लेकर रहेंगे’ जैसे नारों के साथ अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे केवल भर्ती प्रक्रिया को समय से पूरा कर अंतिम परिणाम घोषित किए जाने की मांग कर रहे हैं।

बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द परिणाम जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती परीक्षा और सत्यापन की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, ऐसे में परिणाम घोषित करने में हो रही देरी समझ से परे है।

Post Comment

You May Have Missed