यूपी के 12 शहरों में प्री-मानसून की बारिश, सभी 75 जिलों में आंधी-बरसात का अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश का शुरू हो गई है। गुरुवार तड़के प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर, गोंडा, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, संभल और बिजनौर सहित 12 शहरों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। मगर, हवा में नमी की वजह से गर्मी से कुछ राहत है।
मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में ओले और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, 24 घंटे के अंदर एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो जाएगा। इससे प्री-मानसून जोर पकड़ेगा। अगले तीन दिन तक मौसम का ऐसा ही मिजाज बना रहेगा।
कल देर रात आया था तूफान
पिछले 24 घंटे की बात करें तो बरेली में बुधवार देर रात 90 की रफ्तार से तूफान आया। जोरदार बारिश हुई। सड़कों पर करीब 2 फीट तक पानी भर गया। कई जगहों पर पेड़ और होर्डिंग्स गिर गए। एहतियातन पूरे शहर की बिजली काटनी पड़ी। तड़के नोएडा-गाजियाबाद और संभल में तेज हवा के साथ बारिश हुई थी।
लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि यूपी में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे प्री-मानसून की गतिविधियों में तेजी आएगी। 15-16 जून तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला चलेगा। प्रदेश में मानसून अपने तय समय यानी 20 जून तक एंट्री करेगा। 10 दिन के अंदर पूरे यूपी पर छा जाएगा।
17 शहरों में भारी बारिश का अलर्ट
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर संत कबीरनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।



Post Comment