केतन हत्याकांड की जांच में उलझी पुलिस,14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए सिया-चेतन

केतन हत्याकांड की जांच में उलझी पुलिस,14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए सिया-चेतन

पुणे: रियल स्‍टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद शुक्रवार को एक बार फिर वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ए.एम. विभूते की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान पुलिस ने दोनों की तीन दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड मांगी थी। अभियोजन पक्ष ने दलील दी कि गोयल और चौधरी के मोबाइल फोन से मिले डेटा में इशारों और कोड वाली भाषा में बातचीत थी, और उस बातचीत का मतलब समझने के लिए उनसे हिरासत में और पूछताछ करना जरूरी है।

16 जुलाई तक न्‍यायिक हिरासत

वहीं, सिया गोयल और चौधरी के वकीलों ने इस अर्जी का विरोध करते हुए कहा कि पुलिस को मामले की जांच के लिए पहले ही काफी समय दिया जा चुका है और अब हिरासत में लेकर पूछताछ करने की कोई जरूरत नहीं है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, अदालत ने अभियोजन पक्ष की अर्जी को खारिज कर दिया और आरोपियों को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस का कहना था कि जांच के दौरान दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जानी है। इसके अलावा, मामले से जुड़े कई चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की रिकवरी और जांच करनी है। पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। 2 जुलाई को जांच के सिलसिले में पुलिस सिया गोयल को उसके घर लेकर गई थी। वहां से पुलिस ने सिया की एक पैंट जब्त की, जिसे जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

कल सिया को उसके घर ले गई थी पुलिस

वहीं, गुरुवार को लोनावला ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी से कई घंटों तक गहन पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में कई डिजिटल सबूत जुटाए जा चुके हैं। इसके अलावा, जिस जगह केतन अग्रवाल की हत्या हुई थी, वहां दोनों आरोपियों की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम का सीन रिक्रिएशन भी कराया गया है, ताकि वारदात की कड़ियों को विस्तार से समझा जा सके।

पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर 18 जून को पुणे के पास लोहगढ़ किले की पहाड़ी से कारोबारी केतन अग्रवाल को धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। शुरुआत में सिया ने पुलिस को बताया था कि केतन का पैर फिसलने से हादसा हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस ने पहले आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था।

पूछताछ में गुमराह कर रही सिया

हालांकि, पूछताछ के दौरान सिया के बयानों और उसके व्यवहार में कथित विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस को शक हुआ। आगे की जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने सिया और चेतन को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया।

जांच में यह भी सामने आया कि सिया और केतन की शादी दोनों परिवारों की सहमति से तय हो चुकी थी और इस साल नवंबर में विवाह होना था। पुलिस का आरोप है कि चेतन चौधरी इस रिश्ते से खुश नहीं था और वह केतन को अपने और सिया के रिश्ते में बाधा मानता था। इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।

Post Comment

You May Have Missed