PM मोदी का देश के नाम 20 मिनट संबोधन: कहा- कल से GST बचत उत्सव, स्‍वदेशी सामान ही खरीदें

PM मोदी का देश के नाम 20 मिनट संबोधन: कहा- कल से GST बचत उत्सव, स्‍वदेशी सामान ही खरीदें

नई दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (21 सितंबर) को देश के नाम 20 मिनट संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर को सूर्योदय के साथ ही जीएसटी (GST) बचत उत्सव शुरू हो जाएगा। इसका फायदा सभी वर्गों को होगा। साथ ही पीएम ने जनता से अपील की कि वही सामान खरीदें, जिसे बनाने में देशवासियों का पसीना लगा हो।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जीएसटी रिफॉर्म, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी पर जोर दिया। उन्होंने राज्य सरकारों से अपील की कि स्वदेशी के अभियान के साथ मैन्यूफैक्चरिंग को गति दें। निवेश के लिए माहौल बनाएं। केंद्र और राज्य मिलकर आगे बढ़ेंगे तभी सपना पूरा होगा। उन्‍होंने कहा कि देश की समृद्धि को स्वदेशी से शक्ति मिलेगी। रोजमर्रा की विदेशी चीजों से छुटकारा पाना होगा। मेड इन इंडिया सामान खरीदते समय गर्व करें और ये हर भारतीय का मिजाज होना चाहिए।

पीएम मोदी के संबोधन की 5 बड़ी बातें

नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी पर

नवरात्रि के पहले दिन से देश आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए एक बड़ा कदम उठा रहा है। कल 22 सितंबर को सूर्योदय के साथ ही नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी लागू हो जाएंगे। एक तरह से कल से देश में जीएसटी बचत उत्सव शुरू होने जा रहा है। जीएसटी उत्सव में आपकी बचत बढ़ेगी और आप अपनी पंसद की चीजें खरीद पाएंगे।

वन नेशन वन टैक्स पर

साल 2014 में जब देश ने मुझे पीएम बनाया। तब लाखों कंपनियों को अलग-अलग तरह के टैक्स के जाल से परेशानी होती थी। सामान को एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचने के बीच जो खर्च बढ़ता था, वो गरीब उठाता था। देश को यहां से निकालना बहुत जरूरी था। जब आपने हमें 2014 में अवसर दिया तो हमने जीएसटी को प्राथमिकता बनाया। हमने स्टेकहोल्डर, राज्यों से बात की। हर समस्या का समाधान खोजा। वन नेशन वन टैक्स का सपना साकार हुआ।

उन्‍होंने कहा कि हमने सभी राज्यों को साथ लेकर आजाद भारत का सबसे बड़ा टैक्स रिफॉर्म किया। वन नेशन वन टैक्स का सपना साकार हुआ, टैक्स रिफॉर्म एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है।

गरीब, मिडिल क्लास पर

पिछले 11 साल में देश में 25 करोड़ लोगों ने गरीबी को हराया है। गरीबी से बाहर आए हैं, ये लोग न्यू मिडिल क्लास के रूप में अपनी भूमिका अदा कर रहा है। इस साल सरकार ने 12 लाख रुपये की इनकम टैक्स फ्री करके उपहार दिया। तो सोचिए मिडिल क्लास के जीवन में कितना बदलाव आया है। अब गरीबों की भी बारी है। इन्हें डबल बोनांजा मिल रहा है। जीएसटी कम होने से उनके लिए घर बनाना, टीवी, फ्रिज, बाइक और स्कूटर में कम खर्च करना होगा। घूमना फिरना भी सस्ता होगा।

उन्‍होंने कहा कि हम नागरिक देवो भवः के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अगर हम इनकम टैक्स और जीएसटी छूट को जोड़ दें तो देश के लोगों को 2.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की बचत होगी।

सूक्ष्म और लघु उद्योग पर

विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आत्मनिर्भर बनना होगा। भारत को आत्मनिर्भर बनाने का बहुत बड़ा दायित्व MSME पर भी है। जो देश के लोगों की जरूरत का है, जो देश में बना सकते हैं वो हमें देश में ही बनाना चाहिए। जीएसटी की दरें कम होने से नियम और प्रक्रिया आसान बनने से MSME को बहुत फायदा होगा।

उनकी बिक्री बढ़ेगी और टैक्स भी कम देना होगा। उनको भी डबल फायदा होगा। MSME से मुझे बहुत अपेक्षाएं हैं, जब भारत तरक्की के शिखर पर था उनका आधार MSME ही थे। भारत में बने सामानों की क्वालिटी बेहतर होती थी। हमें उस गौरव को वापस पाना है। हमारे यहां बना सामान दुनिया में बेस्ट हो। सरकार ने पहले 12 लाख रुपये की इनकम टैक्स फ्री की। अब जीएसटी रिफॉर्म करके मिडिल क्लास को डबल बोनांजा दिया। अब तो घूमना-फिरना भी सस्ता होगा।

स्वदेशी-आत्मनिर्भर भारत पर

मेरा सभी राज्य सरकारों से आग्रह है कि स्वदेशी के अभियान के साथ मैन्यूफैक्चरिंग को गति दें। निवेश के लिए माहौल बनाएं। केंद्र और राज्य मिलकर आगे बढ़ेंगे तभी सपना पूरा होगा। हम जो मैन्यूफैक्चर करें वो दुनिया में अच्छा हो, प्रोडक्ट की क्वालिटी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाए। देश की आजादी को जैसे स्वदेशी के मंत्र से ताकत मिली वैसे देश की समृद्धि को स्वदेशी से शक्ति मिलेगी।

उन्‍होंने कहा कि रोजमर्रा की चीजें विदेशी हैं, हमें इनसे मुक्ति पानी है। हम मेड इन इंडिया सामान खरीदें। हमें हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना है। हर दुकान को स्वदेशी से सजाना है। गर्व से कहो ये स्वदेशी है। गर्व से कहो मैं स्वदेशी खरीदता हूं और बेचता हूं। ये हर भारतीय का मिजाज बनना चाहिए।

कांग्रेस बोली- क्या नए जीएसटी रेट पर वही पुरानी बातें दोहराएंगे?

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि क्या पीएम मोदी ट्रम्प के भारत-पाक युद्धविराम के दावों और H1B वीजा की बढ़ी हुई फीस पर बात करेंगे। या फिर नए जीएसटी रेट पर वही पुरानी बातें दोहराएंगे।

PM मोदी का देश के नाम 20 मिनट संबोधन: कहा- कल से GST बचत उत्सव, स्‍वदेशी सामान ही खरीदें

Post Comment

You May Have Missed