‘एक देश-एक चुनाव’ भारतीय जनता पार्टी की जुगाड़ है, चुनाव जीतने की: अखिलेश यादव

‘एक देश-एक चुनाव’ भारतीय जनता पार्टी की जुगाड़ है, चुनाव जीतने की: अखिलेश यादव

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष व सांसद अखिलेश यादव ने शुक्रवार (13 दिसंबर) को भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा है। उन्‍होंने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट हो गई है। पूरा विभाग भ्रष्टाचार में डूबा है। स्वास्थ्य सेवाएं दलाली और मुनाफाखोरी की गिरफ्त में हैं।

अखिलेश यादव ने आज जारी बयान में कहा कि पहले प्रयागराज में नकली प्लेटलेट्स का खुलासा हुआ और अब आगरा में नकली दवाई के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। प्रदेश में पूरब से लेकर पश्चिम तक ड्रग माफिया का राज है। इतने बड़े नेटवर्क को चलाने वालों के तार किस सत्ताधारी से जुड़े हैं, इसका पर्दाफाश होना चाहिए।

कारोबार में पुलिस भी शामिल

सपा सुप्रीमो ने कहा कि मुख्यमंत्री को स्वास्थ्य मंत्री से पूछना चाहिए कि ये धांधली कैसे हो रही है? अगर इस अवैध कारोबार में पुलिस भी शामिल है तो सीएम इसके लिए जिम्मेदार हैं। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर अल्लीपुर में नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज में दरारें पड़ने की जांच भी होनी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार से प्रदेश की जनता के लिए डबल खतरा है। भाजपा सरकार, महंगाई भ्रष्टाचार, मिलावटखोरी रोक पाने में पूरी तरह से असफल है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार जनता का भरोसा खोती जा रही है।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा, यह संविधान ही है जो हमारा पथ प्रदर्शक है। यही संविधान हमें सम्मान दिलाता है, हमारी रक्षा करता है, हमारी संजीवनी है। संविधान हमारे PDA परिवार के लिए प्रकाश स्तंभ की तरह है। उन्‍होंने कहा कि एक देश एक चुनाव भारतीय जनता पार्टी की जुगाड़ है चुनाव जीतने की।

Post Comment

You May Have Missed