वाराणसी में री-नीट एग्जाम में एक गिरफ्तार, अंडरवियर से मिला सिमकार्ड
वाराणसी: जिले में हुई नीट की दोबारा परीक्षा में एक अभ्यर्थी को पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। पकड़े गए युवक प्रिंस दुबे की तलाशी ली गई तो उसकी अंडरवियर से एक मोबाइल सिम कार्ड, फेविकोल, एमसील, डबल साइडेड टेप के अलावा पुराना NEET प्रश्नपत्र मिला।
केंद्राध्यक्ष को बुलाया गया। उन्होंने उसे कोतवाली थाने की पुलिस के सुपुर्द कर दिया। देर रात केंद्राध्यक्ष प्रोफेसर रजनीश कुंवर की तहरीर पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आज कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
गेट पर ही तलाशी में पकड़ा गया
इस संबंध में पुलिस को तहरीर देते हुए केंद्राध्यक्ष प्रोफेसर रजनीश कुंवर ने बताया कि हमारे यहां री-नीट परीक्षा का सेंटर था। इसके लिए छात्र-छात्राओं की इंट्री ली जा रही थी। जिसमें गेट पर ही पुलिस बल द्वारा चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान एक युवक निवासी बलिया प्रिंस कुमार दुबे की कुछ हरकतें संदिग्ध लगीं। जिसपर पुलिस बल ने उसकी सघन तलाशी ली।
केंद्राध्यक्ष ने बताया कि इस दौरान तलाशी के दौरान उसकी अंडरवियर से रद्द हुई नीट परीक्षा का पेपर, मोबाइल सिम कार्ड, फेवीकोल, एमसील, चार टुकड़ा डबल साइडेड टेप पाया गया। उसके संबंध में उससे पूछताछ की गई तो वह कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुआ। ऐसे में स्थानीय थाने की पुलिस को सूचना दी और उस युवक को थाने भेज दिया गया।
आज भेजा जाएगा जेल
इस संबंध में थाना प्रभारी कोतवाली दयाशंकर सिंह ने बताया कि केंद्राध्यक्ष की सूचना पर मौके पर पहुंचकर उक्त परीक्षार्थी प्रिंस दुबे को थाने लाया गया। यहां उससे पूछताछ की गई पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर देर रात थाना स्थानीय पर सार्वजानिक परीक्षा( अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 की धारा 3(x) में गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे आज जेल भेजा जाएगा।



Post Comment