लखनऊ में नितिन गडकरी बोले- मेरी जेब में 15 लाख करोड़, खर्च नहीं कर पा रहा

लखनऊ में नितिन गडकरी बोले- मेरी जेब में 15 लाख करोड़, खर्च नहीं कर पा रहा

लखनऊ: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी साथ रहे। सभी उन्नाव हेलिकॉप्टर से पहुंचे थे। इसके बाद सभी कार से एक्सप्रेस-वे से ही लखनऊ लौटे। यहां सरोजनीनगर में 3 प्रोजेक्ट का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा- हमारे हाईवे अमेरिका से भी अच्छे बनेंगे। मेरे विभाग में पैसे की कमी नहीं है। आप मांगते हुए थक जाएंगे, मैं देते हुए नहीं थकूंगा। 15 लाख करोड़ मेरी जेब में रखे हैं। तीन लाख 25 हजार करोड़ बजट है। मैं मुश्किल से साढ़े चार लाख करोड़ खर्च कर पा रहा हूं।

लखनऊ में नितिन गडकरी बोले- मेरी जेब में 15 लाख करोड़, खर्च नहीं कर पा रहा

वाराणसी से कोलकाता का सफर होगा आसान

गडकरी ने कहा कि वाराणसी से कोलकाता के बीच 620 किमी का सफर आसान बनाने के लिए 22 हजार करोड़ खर्च कर काम चल रहा है। इसका 45% काम हो चुका है। जल्द ही इसका इनॉगरेशन करेंगे। इसके अलावा गाजीपुर-मांझीघाट-बलिया फोरलेन ग्रीनफील्ड हाईवे 5300 करोड़ की लागत से बनेगा। यह 135 किमी का है। इसका 92 फीसदी काम हो चुका है। इसी साल हम इसका इनॉगरेशन करेंगे।

एक्‍सप्रेस-वे से 40 मिनट में पूरा होगा लखनऊ-कानपुर का सफर

एक्सप्रेस-वे से लखनऊ-कानपुर का सफर सिर्फ 40 मिनट में पूरा होगा। अभी सफर में ढाई से तीन घंटे लगते हैं। 4700 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार एक्सप्रेस-वे कल यानी मंगलवार सुबह 8 बजे से आम लोगों के लिए खुल जाएगा। 63 किलोमीटर लंबा यह देश का पहला बैरियर-लेस एक्सप्रेस-वे है। इस पर लोगों को करीब तीन गुना ज्यादा टोल चुकाना होगा। कार से लखनऊ से कानपुर जाने पर 275 रुपये टोल देना होगा, जबकि पहले 95 रुपये ही लगते थे।

एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों की एंट्री बैन रहेगी। वाहन अधिकतम 120 kmph की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। टोल प्लाजा से 500 मीटर पहले लगे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और फास्टैग रीडर बिना गाड़ी रोके अपने आप टोल काट लेंगे। अगर हादसा होता है, तो AI कैमरे NHAI कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेंगे। एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास 5 जनवरी 2022 को किया गया था। 13 जुलाई 2026 को उद्घाटन किया गया। इस हिसाब से एक्सप्रेस-वे 1650 दिन में बनकर तैयार हुआ।

लखनऊ एयरपोर्ट से शहीद पथ तक थ्री लेयर एलिवेटेड रोड बनेगी

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आपने (नितिन गडकरी) बहुत कुछ दिया, आज भी मांगूंगा तो आप मना नहीं करेंगे। लखनऊ में ट्रैफिक की बड़ी समस्या है। लखनऊ एयरपोर्ट से शहीद पथ से होते हुए आउटर रिंग रोड पर करीब 23 किमी के एलिविटेड रोड होनी चाहिए। इसकी मंजूरी नितिन गडकरी ने दे दी है। एलिविटेड रोड के ऊपर एक मेट्रो भी चलनी चाहिए। इसकी भी उन्होंने स्वीकृति उन्होंने दे दी है। लखनऊ से सीतापुर के लिए सिक्सलेन मार्ग और किसान पथ पर सर्विस रोड भी बनाई जाएगी।

यूपी को 60 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स मिले

कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने करीब 60 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर सहमति दी है। ईस्ट को वेस्ट से जोड़ दिया गया है। अब नॉर्थ-साउथ को जोड़ने के लिए कुछ नए क्षेत्रों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि 5 लाख की आबादी वाले हर शहर में एक बाईपास होगा। उस बाईपास के साथ हर जिला मुख्यालय फोरलेन का होगा।

  • यूपी में कौन से काम होंगे?
  • लखनऊ के किसान पथ पर सर्विस रोड बनेगी। कुछ जगह उतरेगी, कुछ जगह चढ़ेगी।
  • अयोध्या से गोंडा मार्ग पर 3400 करोड़ से बाईपास बनेगा।
  • आनंद नगर से महाराजगंज चौक तक 33 किमी के हाईवे पर 1750 करोड़ खर्च होंगे। ये भी इसी साल शुरू होगा।
  • पडरौना से तमकुहीराज बाईपास बनना इसी साल शुरू होगा। इस पर 1800 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
  • दादरी से लालकुंआ तक 6 लेन एलिवेटेड रोड पर 2300 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अक्टूबर- 2026 तक इसका टेंडर निकलेगा।
  • आगरा से अलीगढ़ 4 लेन ग्रीनफील्ड बनाया जाएगा। वाराणसी-कोलकाता के हाईवे पर 22 हजार करोड़ खर्च होगा।

Post Comment

You May Have Missed