नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक के आरोप के चलते फैसला; CBI करेगी जांच
नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 03 मई को हुई नीट (NEET 2026) परीक्षा निरस्त कर दी है। यह निर्णय पेपर लीक होने के आरोप के चलते लिया गया है। परीक्षा की नई डेट्स जल्द जारी की जाएंगी। NTA ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है। मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगा।
NTA ने जानकारी दी है कि स्टूडेंट्स को दोबारा परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। पिछले एग्जाम सेंटर्स में भी कोई बदलाव नहीं होगा। रीएग्जाम के लिए नए एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे। इसके अलावा परीक्षा में शामिल छात्रों की फीस भी वापस की जाएगी।
NTA ने कही 4 बातें
CBI पेपर लीक की जांच करेगी।
परीक्षा की अगली तारीख जल्द घोषित होगी।
एग्जाम सेंटर नहीं बदले जाएंगे।
कैंडिडेट्स की एग्जाम फीस वापस होगी।
08 मई को शुरू हुई थी जांच
NTA ने बताया कि 08 मई, 2026 को ही इस मामले से जुड़ी कुछ जांचों को केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दिया गया था, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अब, जांच एजेंसियों से मिली जानकारी और सरकार की मंजूरी के बाद, NTA ने फैसला लिया है कि 03 मई 2026 को हुई NEET (UG) परीक्षा को रद्द किया जाता है और इसे दोबारा कराया जाएगा। जांच एजेंसियों से मिले निष्कर्षों के आधार पर यह तय किया गया कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा दोबारा कराई जाएगी।
राजस्थान में मिले थे हाथ से लिखे गैस पेपर
03 मई को देशभर में NEET UG 2026 की परीक्षा हुई थी। आशंका है कि परीक्षा का पर्चा पहले ही लीक हो गया था। राजस्थान में कई स्टूडेंट्स के पास हाथ से लिखा हुआ गैस पेपर मिला था जिसके सवाल असल परीक्षा से मैच हो रहे हैं।
10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG ने इंटेल इनपुट पर कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया।



Post Comment