उत्तर प्रदेश, राजनीति

नैनीताल रोड पर चलेगा नगर निगम का बुलडोजर, 386 निर्माणों को किया गया चिन्हित

नैनीताल रोड पर चलेगा नगर निगम का बुलडोजर, 386 निर्माणों को किया गया चिन्हित

बरेली: श्‍हर के नैनीताल रोड पर बड़े पैमाने पर ‘अतिक्रमण हटाओ’ अभियान की तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना (सीएम ग्रिड) के दूसरे चरण के तहत कोहाड़ापीर से लेकर कुदेशिया फाटक और सूद धर्मकांटे तक की सड़क का पूरी तरह कायाकल्प किया जाना है। वर्तमान में यह सड़क काफी संकरी है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

अब इस 22 फीट की सड़क को बढ़ाकर 80 फीट चौड़ा किया जाएगा। इस बड़े प्रोजेक्ट की जद में कुल 386 व्यावसायिक और रिहायशी प्रतिष्ठान आए हैं, जिन्हें नगर निगम ने चिन्हित कर लाल निशान लगा दिए हैं।

एक सप्ताह का दिया गया अल्टीमेटम

नगर निगम की टीम ने प्रभावित इलाकों में सर्वे पूरा करने के बाद सभी संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर दिए हैं। नगर निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी ने स्पष्ट किया है कि सभी को एक सप्ताह का समय दिया गया है, जिससे वे स्वेच्छा से अपने अवैध निर्माण को हटा लें।

यदि तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर निगम का बुलडोजर गरजना तय है। खास बात यह है कि यदि निगम बुलडोजर से निर्माण ढहाना पड़ा, तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में आने वाला खर्च भी संबंधित भवन स्वामी से ही वसूला जाएगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी नई सड़क

सीएम ग्रिड योजना के तहत बनने वाली यह सड़क न केवल चौड़ी होगी, बल्कि इसे अत्याधुनिक स्वरूप भी दिया जाएगा। योजना के मुताबिक, सड़क के दोनों ओर बिजली की लाइनें और अन्य केबल पूरी तरह से अंडरग्राउंड किए जाएंगे, जिससे आसमान में लटकते तारों के जाल से मुक्ति मिलेगी।

इसके साथ ही पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए अलग से फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि सड़क के 80 फीट चौड़ा होने से कुदेशिया फाटक और कोहाड़ापीर क्षेत्र में लगने वाले वर्षों पुराने जाम की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा और यातायात सुगम होगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *