मानसूनी बारिश से असम में 99 गांव डूबे, अरुणाचल में एक लाख लोग फंसे; जानें अगले दो दिन की स्थिति

मानसूनी बारिश से असम में 99 गांव डूबे, अरुणाचल में एक लाख लोग फंसे; जानें अगले दो दिन की स्थिति

नई दिल्‍ली: पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में बारिश होने की संभावना  है। बुधवार को ओडिशा के पुरी में रथयात्रा के दौरान भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) मजबूत होगा और अगले दो दिनों में पश्चिम बंगाल, बिहार और यूपी की तरफ बढ़ेगा। इससे इन राज्यों में मानसूनी बादलों की वापसी हो सकती है। वहीं, मध्य प्रदेश में जबलपुर, रीवा, सागर-शहडोल समेत प्रदेश के 35 जिलों में सूखे जैसे हालात हैं।

अरुणाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में बाढ़, लैंडस्लाइड और बारिश से 1.02 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। अब तक 7 लोगों की मौत हुई है और 29 घायल हुए हैं। वहीं, असम के 6 जिलों के 99 गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जहां 37,032 लोग प्रभावित हैं।

नेपाल में बारिश से भारत में बाढ़ का खतरा

नेपाल के सूनसरी के पुलिस उप अधीक्षक चंद्र बहादुर खड़का के मुताबिक, बुधवार रात कोशी बैराज पर पानी का बहाव 1,63,230 क्यूसेक पहुंच गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आगर पूर्वी नेपाल में बारिश जारी रही, तो पानी का बहाव और अधिक बढ़ सकता है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बैराज के 56 गेटों में से 21 गेट खोल दिए गए हैं। कोशी बैराज नेपाल और भारत के पड़ोसी क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण बाढ़-नियंत्रण संरचना है।

कोशी बैराज कंट्रोल रूम ने बताया कि जब नदी का बहाव 1,50,000 क्यूसेक से अधिक हो जाता है, तो सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए जाते हैं। इसके तहत खतरे का संकेत देने और आसपास के लोगों को अलर्ट करने के लिए बैराज पर लाल बत्तियां जलाई जाती हैं और लाल झंडे फहराए जाते हैं।

पंजाब-चंडीगढ़ में 3 दिन बारिश का आसार

पंजाब में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। बारिश थमने से गर्मी और उमस बढ़ गई है, जिससे लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 8 जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 16 जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है

भारी बारिश के बाद वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण नदी का प्रवाह काफी तेज हो गया है, जिससे घाटों की सीढ़ियां पानी में डूबने लगी हैं।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल

17 जुलाई: उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, सिक्किम, बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम ओर त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही तेज गर्मी के साथ यहां मौसम उमस भरा रहेगा। मध्य प्रदेश, झारखंड, बंगाल और जम्मू-कश्मीर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

18 जुलाई: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और रायलसीमा में तेज गर्मी और उमस भरा मौसम रहेगा। ओडिशा-बंगाल में भारी बारिश, आंधी-बिजली और तूफान का ऑरेंज अलर्ट है। कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। बिहार, झारखंड, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में तेज बारिश होगी।

Post Comment

You May Have Missed