Monsoon in UP: प्रदेश में मानसून की दस्तक, आज इन जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी

Monsoon in UP: प्रदेश में मानसून की दस्तक, आज इन जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी

Monsoon in UP: चिलचिलाती गर्मी से राहत देते हुए मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश व लद्दाख में दस्तक दे दी। बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट से गर्मी से राहत मिली। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली। खासकर पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में झमाझम बारिश के बाद खरीफ फसलों की बुवाई का रास्ता साफ हो गया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, गोरखपुर और अयोध्या समेत पूर्वांचल व पूर्वी तराई के जिलों तक पहुंच चुका है।

अगले दो से तीन दिनों में इसके पूरे प्रदेश में फैलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बांदा, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और वाराणसी समेत करीब 30 जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

राजधानी में पड़ी रिमझिम फुहारें

बीते कई दिनों से तपिश और उमस भरी गर्मी झेल रहे राजधानी वासियों को मंगलवार को राहत मिली। सुबह से ही शहर में रुक-रुक कर रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं, जिससे मौसम सुहाना हो गया। मलिहाबाद, मोहनलालगंज और काकोरी समेत शहर के ग्रामीण इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को भी लखनऊ में हल्की बारिश की संभावना है।

Post Comment

You May Have Missed