लखनऊ सिविल अस्‍पताल से दिया गया योग से स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश

लखनऊ सिविल अस्‍पताल से दिया गया योग से स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश

लखनऊ: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय, लखनऊ में रविवार को एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चिकित्सालय के निदेशक डॉ. जी. पी. गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सालय परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपनी दैनिक जीवन शैली में अपनाने का संकल्प लिया। योगाभ्यास सत्र से पूर्व उपस्थित सभी लोगों ने माननीय प्रधानमंत्री के योग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा।

चिकित्सालय परिसर में आयोजित इस सामूहिक योगाभ्यास सत्र को योगगुरु डॉ. पी. के. मिश्रा (गुरुकुल कांगड़ी, हरिद्वार) एवं चिकित्सालय के आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ. राजेश्वर राव (पीएचडी, योगा) तथा उनकी टीम द्वारा संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, नर्सेज, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान (Meditation) का अभ्यास किया।

मुख्य अतिथि और विशिष्ट जनों की रही उपस्थिति

इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महानिदेशक परिवार कल्याण (उत्तर प्रदेश) डॉ. एच.डी. अग्रवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व महानिदेशक डॉ. डी.एस. नेगी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. देवेश चंद्र पांडे तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिवराज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

लखनऊ सिविल अस्‍पताल से दिया गया योग से स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश

अस्पतालों में योग से बढ़ती है कार्यक्षमता: महानिदेशक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महानिदेशक डॉ. हरि दास अग्रवाल ने कहा, “योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य, संयम और जीवन-शैली सुधार का मार्ग दिखा रही है। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में योग जैसे कार्यक्रम न केवल कर्मचारियों में मानसिक शांति, एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि रोगियों के प्रति सेवा-भाव और सकारात्मक दृष्टिकोण को भी मजबूत करते हैं।”

वहीं, चिकित्सालय के निदेशक डॉ. जी. पी. गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ तन, शांत मन और संतुलित जीवन का मुख्य आधार है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को इसे नियमित दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।

चिकित्सालय के चीफ फार्मेसिस्ट सुनील यादव ने कार्यक्रम के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य संस्थानों में ‘निरोगी भारत’, ‘स्वस्थ समाज’ और ‘जागरूक जीवनशैली’ के संदेश को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने वाला रहा है। उन्होंने दोहराया कि सिविल चिकित्सालय हमेशा जनस्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह सजग और समर्पित है।

Post Comment

You May Have Missed