Madarsa Board 2026 का परिणाम घोषित, सफल विद्यार्थियों को मंत्रियों ने दी बधाई
Madarsa Board 2026: उप्र मदरसा शिक्षा परिषद (लखनऊ) द्वारा संचालित अरबी एवं फारसी की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) तथा आलिम (सीनियर सेकेंडरी) बोर्ड परीक्षा वर्ष-2026 का परीक्षाफल घोषित कर दिया गया है। परीक्षाफल परिषद की आधिकारिक वेबसाइट https://madarsaboard-upsdc-gov-in के माध्यम से देखा जा सकता है। वर्ष 2026 में कुल 80,933 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 63,211 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए जबकि 17,722 अनुपस्थित रहे। परीक्षा को पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई, जिसकी निगरानी सीधे मदरसा बोर्ड मुख्यालय से की गई।
सेकेंडरी (मुंशी-मौलवी) परीक्षा में 62,232 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 47,036 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस स्तर पर दीनियात, फारसी (अरबी), उर्दू साहित्य, जनरल इंग्लिश एवं जनरल हिंदी अनिवार्य विषय रहे, जबकि गणित, गृह विज्ञान, लॉजिक एंड फिलॉसफी, सोशल स्टडीज, साइंस एवं तिब जैसे विषय वैकल्पिक रूप में उपलब्ध कराए गए। इसी प्रकार सीनियर सेकेंडरी (आलिम) परीक्षा में 18,701 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 16,175 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इस स्तर पर भी अनिवार्य एवं वैकल्पिक विषयों के माध्यम से पारंपरिक शिक्षा के साथ आधुनिक विषयों का समन्वय सुनिश्चित किया गया। मंत्री ओम प्रकाश राजभर एवं राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सफल छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



Post Comment