लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह से बुद्धेश्वर में जाम की शिकायत, अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा
लखनऊ: केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह से रविवार को बुद्धेश्वर इलाके में लगने वाले जाम की शिकायत की गई है। बुद्धेश्वर विकास महासभा के प्रतिनिधि मंडल ने आज सांसद से मुलाकात कर उन्हें पारा, राजाजीपुरम और आसपास के मार्गों के किनारे स्थायी अतिक्रमण का भी मुद्दा उठाया। लोगों ने आलमनगर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “बुद्धेश्वर स्टेशन” और हैदरगंज वार्ड का नाम बदलकर “बुद्धेश्वर वार्ड” किए जाने की मांग भी रखी। महासभा के पदाधिकारियों ने इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय बताया।
महासभा के संरक्षक अजय त्रिपाठी ‘मुन्ना’ के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसमें अवगत कराया गया कि बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बुद्धेश्वर चौराहे के आसपास सड़क किनारे अतिक्रमण, अव्यवस्थित यातायात और बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस जाम से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों, कर्मचारियों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता है, जिससे उनका आवागमन प्रभावित होता है।
स्थायी अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया
ज्ञापन में आलमनगर रेलवे ओवरब्रिज से उतरने के बाद पारा, राजाजीपुरम और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले मार्ग पर दोनों तरफ हुए स्थायी अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। महासभा का कहना है कि सड़क संकरी होने और अतिक्रमण बढ़ने के कारण इस क्षेत्र में पूरे दिन वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं।
महासभा के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि रक्षा मंत्री और सांसद राजनाथ सिंह ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर मुख्य संरक्षक रामशंकर राजपूत, संरक्षक अजय त्रिपाठी ‘मुन्ना’, संरक्षक ऋषि चौरसिया, महामंत्री शिव प्रसाद पांडेय, घनश्याम पांडेय, किसान यूनियन के नेता अमर सिंह लोधी सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई।



Post Comment