LPG News: AAP का प्रदर्शन, गैस की आपूर्ति बहाल करने और कीमतें वापस लेने की मांग
LPG News: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाहन पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला मुख्यालयों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लखनऊ में स्वास्थ्य भवन चौराहे पर अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक और ऊर्जा नीतियों के कारण आज देश गैस के गंभीर संकट से जूझ रहा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की भारी कमी के कारण पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है और आम जनता गैस के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगने को मजबूर हो गई है।

उन्होंने कहा कि देश में आज गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के कारण अभूतपूर्व स्थिति पैदा हो गई है। कई शहरों में होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े हजारों छोटे कारोबार गैस न मिलने के कारण बंद होने लगे हैं। इससे लाखों लोगों के सामने रोज़गार और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मोदी सरकार की गलत ऊर्जा और आर्थिक नीतियों के कारण आज देश गैस संकट और महंगाई की दोहरी मार झेल रहा है।
विनय पटेल ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में 60 और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 120 की बढ़ोतरी ने आम जनता की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। सरकार की नीतियों के कारण गैस की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और देशभर में गैस सिलेंडरों के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने गैस की किल्लत और बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी देशभर में जन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।



Post Comment