देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया

INDIA गठबंधन की कमान छोड़ दें राहुल, मणिशंकर अय्यर का बड़ा बयान

INDIA गठबंधन की कमान छोड़ दें राहुल, मणिशंकर अय्यर का बड़ा बयान

INDIA Alliance: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को इंडिया गठबंधन की कमान छोड़ने की सलाह दी है। अय्यर ने कहा है कि राहुल गांधी को इंडिया गठबंधन की कमान छोड़कर ममता बनर्जी, स्टालिन, अखिलेश यादव या तेजस्वी यादव को दे देनी चाहिए। इससे गठबंधन मजबूत होगा और ये नेता गठबंधन को काफी समय दे पाएंगे। मणिशंकर का बयान ऐसे समय में आया है जब इंडिया गठबंधन में राहुल के नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ममता बनर्जी गठबंधन से दूरी बनाए हुए हैं। वहीं, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव भी राहुल को ज्यादा तवज्जो नहीं दे रहे हैं।

अखिलेश, तेजस्वी, स्टालिन के लिए छोड़ें कमान

मणिशंकर अय्यर ने कहा, ”ममता दीदी के बिना INDIA अलायंस का ‘I’, ‘N’, ‘D’, ‘I’ और सब निकल जाएगा क्योंकि ममता बनर्जी ही इस गठबंठन की नेता हैं और साथ-साथ और दो-चार और लोग हैं जो इस पद को हासिल कर सकते हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि बजाय राहुल गांधी इसी पद पर रहने की कोशिश करें किसी और को, जो छोटी पार्टियों का है स्टालिन हो, ममता दीदी हों, अखिलेश हो, तेजस्वी हो या कोई और है, और कोई संभाले तो उनके पास ज्यादा टाइम रहेगा गठबंधन को चलाने के लिए।”

कांग्रेस नेताओं ने उठाए सवाल

अय्यर के इस बयान से बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले हलचल मच गई है। पश्चिम बंगाल कांग्रेस के नेताओं ने अय्यर की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस महासचिव सुमन रॉय चौधरी ने कि अय्यर लंबे समय से पार्टी की सक्रिय राजनीति से दूर हैं और उनका बयान पार्टी की आधिकारिक राय नहीं है। आगे उन्होंने कहा, ”मणिशंकर जी क्या आप जानते हैं कि ममता बनर्जी पर्दे के पीछे बीजेपी की कठपुतली की तरह काम करती हैं, जिसके खिलाफ INDIA ब्लॉक लड़ रहा है? मुझे नहीं लगता कि पार्टी से दूर रहने के बाद कांग्रेस पार्टी का कोई भी फैसला लेने में आपका कोई हिस्सा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *