बरेली के सनातन धर्म मंदिर में कार्तिक महोत्सव, 26 अक्टूबर से होगी शुरुआत
बरेली: जिले के मॉडल टाउन स्थित पंजाबी कॉलोनी के श्री सनातन धर्म मंदिर में इस साल भी कार्तिक मास का पारंपरिक महोत्सव 26 अक्टूबर से शुरू होगा। यह आयोजन 5 नवंबर तक चलेगा। मंदिर प्रबंधन समिति के मुताबिक, यह परंपरा 1952 से निरंतर जारी है, जिसमें प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, भजन-संकीर्तन और प्रवचनों के माध्यम से भक्तों को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान किया जाता है।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 5 बजे शालिग्राम जी के विग्रह का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 20 विशेष आरतियां और सत्संग आयोजित होंगे। सुबह 8 बजे मंगला आरती और प्रसाद वितरण के साथ दैनिक कार्यक्रमों का समापन होगा।
26 अक्टूबर से होगी कार्यक्रमों की शुरुआत
- कार्यक्रमों की शुरुआत 26 अक्टूबर को डॉ. बृजेश यादव द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ से होगी। 27 अक्टूबर को श्री राधा संकीर्तन मंडल ट्रस्ट हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करेगा, जबकि 28 अक्टूबर को मंदिर के महिला एवं पुरुष मंडल द्वारा हरिनाम भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
- 29 अक्टूबर को वृंदावन के भजन गायक महावीर शर्मा “एक शाम श्री बांके बिहारी जी के नाम” शीर्षक से प्रस्तुति देंगे। 30 अक्टूबर को भैया यशु बजाज और लवी बहिल (बांके बिहारी क्लब, जगराओं, पंजाब) के सहयोग से “एक शाम ठाकुर ठकुरानी के नाम” कार्यक्रम होगा।
- 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चार दिवसीय मानस चिंतन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें दिल्ली के मनीष चौहान “आज की व्यस्तता व तनावपूर्ण जीवन को सरल और भक्ति से ओतप्रोत कैसे बनाएं” विषय पर प्रवचन देंगे।
- 4 नवंबर को शाम 7 बजे जयपुर के संजय पारिख के सान्निध्य में “एक शाम खाटू बाबा के नाम” का आयोजन होगा। महोत्सव का समापन 5 नवंबर को धार्मिक सेवा समिति द्वारा संकीर्तन और दोपहर 12:30 से 3:30 बजे तक आयोजित भव्य भंडारे के साथ होगा।
प्रेस वार्ता में मंदिर अध्यक्ष कवल नयन सपरा, संरक्षक तिलक राज दुसेजा, डॉ. के.एम. अरोरा, राकेश नरूला, रजनीश चांदना, बृज मोहन कक्कड़, जनक राज अरोरा, सुनील बांगा, अमित पाल, पुनीत अरोरा, पवन चांदना, अंकित सबलोक, संजय मुखर्जी और विशाल भसीन सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनमोहन सब्बरवाल, सचिव संजीव चांदना और सह सचिव अजय अरोड़ा को सौंपी गई है।



Post Comment