घरेलू क्रिकेट में खेलना अनिवार्य, बीसीसीआई का RO-KO को सख्त संदेश
RO-KO World Cup 2027: भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को साफ तौर पर संदेश दिया है। बोर्ड ने इन दोनों से कहा है कि अगर वे वनडे टीम में बने रहना चाहते हैं, तो उन्हें घरेलू वनडे टूर्नामेंटों में हिस्सा लेना होगा। दोनों खिलाड़ी अब टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं और सिर्फ वनडे टीम में सक्रिय हैं। ऐसे में बोर्ड और टीम प्रबंधन चाहते हैं कि वे घरेलू क्रिकेट के माध्यम से अपनी मैच फिटनेस और फॉर्म बनाए रखें।
विजय हजारे ट्रॉफी से हो सकती है वापसी
मीडिया रिपोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दिशा में पहला कदम 24 दिसंबर को खेले जाने वाले विजय हजारे ट्रॉफी मैच के रूप में देखा जा रहा है। यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन से नौ दिसंबर के बीच होने वाली वनडे सीरीज और 11 जनवरी से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड सीरीज के बीच घरेलू कैलेंडर का एकमात्र वनडे मैच है। जानकारी के मुताबिक, रोहित शर्मा ने मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) को सूचित कर दिया है कि वह विजय हजारे ट्रॉफी के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं, विराट कोहली की उपलब्धता को लेकर फिलहाल कोई स्पष्टता नहीं है।
टीम में बने रहने के लिए घरेलू खेल जरूरी
बीसीसीआई ने कहा, ‘बोर्ड और टीम प्रबंधन ने दोनों को स्पष्ट कर दिया है कि अगर उन्हें भारत के लिए खेलना है तो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। चूंकि उन्होंने दो प्रारूपों से संन्यास ले लिया है, इसलिए फिटनेस और लय बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है।’ पिछले महीने ही चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने भी खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में भाग लेने की जरूरत पर जोर दिया था। उन्होंने कहा था, ‘हमने पहले भी स्पष्ट किया था कि जब भी खिलाड़ी उपलब्ध हों, उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए। यही तरीका है खुद को शार्प रखने का, खासकर जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लंबा ब्रेक हो।’



Post Comment