इजराइल ने दो ईरानी शहरों को खाली करने को कहा, ईरान में मृतकों की संख्या हुई 639

इजराइल ने दो ईरानी शहरों को खाली करने को कहा, ईरान में मृतकों की संख्या हुई 639

तेहरान/तेल अवीव: ईरान में इजराइल ने अराक हेवी वॉटर रिएक्टर पर हमला कर दिया है। हमले के बाद हुए नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। कुछ घंटे पहले ही इजराइली सेना (IDF) ने अराक और खोंडब शहर के लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी थी। अराक में हैवी वाटर रिएक्टर है। यह फैसिलिटी ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम का एक अहम हिस्सा है। इसके साथ ही अराक में बड़े पैमाने पर हथियारों का उत्पादन होता है।

इजराइल ने इस हमले की चेतावनी पहले ही दे दी थी और लोगों से उस इलाके को छोड़ने को कहा था। यह चेतावनी सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए दी गई थी, जिसमें रिएक्टर की सैटेलाइट इमेज भी दिखाई गई थी। इजराइली सेना ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को तेहरान और ईरान के अन्य इलाकों में हवाई हमले किए, लेकिन उन्होंने ज्यादा जानकारी नहीं दी। इजराइल के इन हमलों में पहले ही नतांज यूरेनियम साइट, तेहरान के पास सेंट्रीफ्यूज बनाने वाली जगहों और इस्फहान में एक परमाणु ठिकाने को निशाना बनाया गया है। इन हमलों में कई टॉप सैन्य अधिकारी और परमाणु वैज्ञानिक मारे जा चुके हैं।

ईरान में मृतकों की संख्या 639 हुई

इसके अलावा खोंडब में भी IR-40 हैवी वाटर रिएक्टर है, जो ईरान के परमाणु कार्यक्रम का एक और अहम हिस्सा है। यह फैसिलिटी अराक से करीब 40 किलोमीटर दूर है। अराक की तरह इसे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निगरानी में रखा जाता है। ईरान और इजराइल के बीच जंग सातवें दिन में पहुंच गई है। अब तक इजराइल के 24 लोग मारे गए हैं। वहीं, वॉशिंगटन स्थित एक ह्यूमन राइट्स ग्रुप ने दावा किया है कि ईरान में मौत का आंकड़ा अब 639 हो चुका है और 1329 लोग घायल हुए हैं।

इजराइली हैकर्स ने ईरानी न्यूज चैनल हैक किए

इजराइली हैकर्स ने बुधवार देर रात ईरान की सरकारी IRIB टीवी समेत कई न्यूज चैनल हैक कर लिए। इस दौरान लोगों से विद्रोह की अपील की गई। इन हैकर्स ने ईरान में साल 2022 में हुए विरोध प्रदर्शन वाले वीडियो चलाए, जिनमें महिलाएं अपने बाल काट रही हैं।

ईरान का इजराइल में 4 शहरों पर हमला

ईरान ने गुरुवार सुबह इजराइल में 4 जगहों पर मिसाइल गिराए हैं। इसमें बीर्शेबा शहर के सोरोका हॉस्पीटल को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा ईरान ने तेल अवीव, रमत गान और होलोन पर भी हमला किया है। अभी नुकसान का पता नहीं चल पाया है।

Post Comment

You May Have Missed