ICC T20 WC का दूसरा सेमीफाइनल आज, लगातार तीसरी बार भिड़ेंगे भारत-इंग्लैंड

ICC T20 WC का दूसरा सेमीफाइनल आज, लगातार तीसरी बार भिड़ेंगे भारत-इंग्लैंड

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: आईसीसी टी-20 विश्‍व कप का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार (05 मार्च) को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें सेमीफाइनल में लगातार तीसरी बार भिड़ेंगी। इससे पहले 2022 और 2024 में भी दोनों के मैच हुए, 1-1 जीत दोनों को मिली। सेमीफाइनल जीतने के बाद दोनों टीमों ने फाइनल भी जीता।

भारत की टीम छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। टीम इससे पहले 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में भी टॉप-4 टीमों में जगह बना चुकी है, टीम ने 5 में से 3 सेमीफाइनल जीते। वहीं, इंग्लैंड भी छठी बार सेमीफाइनल खेल रहा है। इससे पहले टीम 2010, 2016, 2021, 2022 और 2024 में इस स्टेज तक पहुंची थी। 3 सेमीफाइनल जीतकर टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी।

वर्ल्ड कप में छठी बार होगा सामना

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 29 टी-20 मुकाबले खेले गए। भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों ने 5 मैच खेले। भारत ने 3 और इंग्लैंड ने 2 जीते।

कप्तान सूर्या भारत के टॉप स्कोरर

इस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने 7 मैचों में 231 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 84 रन रहा। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 7 मैचों में 12 विकेट झटके।

आदिल रशीद इंग्लैंड के टॉप बॉलर

इस टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रुक बल्ले से सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे। उन्होंने 7 मैचों में 228 रन बनाए हैं। बॉलिंग डिपार्टमेंट में आदिल रशीद ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 7 मुकाबलों में 11 विकेट अपने नाम किए।

दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जैमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद।

Post Comment

You May Have Missed