ट्विशा शर्मा केस में सास और पति 5 दिन की CBI रिमांड पर, आमने-सामने होगी पूछताछ
भोपाल: एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा केस में केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने शुक्रवार को सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को स्पेशल कोर्ट में पेश किया। जांच एजेंसी ने दोनों की 5-5 दिन की पुलिस रिमांड मांगी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। आरोपी पक्ष के वकील ने भी रिमांड का विरोध नहीं किया।
सीबीआई ने कोर्ट में पेश पीआर आदेश में कहा कि समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। एजेंसी के मुताबिक, दोनों के अलग-अलग बयानों में विरोधाभास सामने आया है। ऐसे में दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करना जरूरी है। सीबीआई ने यह भी कहा कि मामले से जुड़े अहम सबूत जुटाने के लिए दोनों आरोपियों की पुलिस रिमांड आवश्यक है।
7 दिन की सीबीआई रिमांड पर समर्थ
समर्थ सिंह पहले से 7 दिन की सीबीआई रिमांड पर था। शुक्रवार को रिमांड खत्म होने के बाद उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया गया। दोपहर 12:34 बजे से 2:08 बजे तक दोनों आरोपी कोर्ट रूम में मौजूद रहे। इसके बाद सीबीआई टीम उन्हें अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, रिमांड के दौरान सीबीआई गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी समर्थ से यह भी पूछेगी कि फरारी के दौरान वह कहां रहा और किन लोगों के संपर्क में था।
वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार कर रही एजेंसी
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, जांच में अब ‘टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन’ तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत एजेंसी ट्विशा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार कर रही है। इसका मकसद घटना से पहले और बाद की हर गतिविधि को मिनट-दर-मिनट समझना है, जिससे मौत से जुड़ी परिस्थितियों की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
गिरिबाला सिंह को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान बड़ी संख्या में भोपाल बार एसोसिएशन के वकील कोर्ट रूम पहुंचे। वकीलों ने गिरिबाला सिंह से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि उनकी पैरवी में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।



Post Comment