पुणे में बादल फटने से 200 घरों में भरा पानी, बारामती-इंदापुर में बनी बाढ़ जैसी स्थिति

पुणे में बादल फटने से 200 घरों में भरा पानी, बारामती-इंदापुर में बनी बाढ़ जैसी स्थिति

नई दिल्‍ली: देश के पांच राज्यों में मानसून ने दस्‍तक दे दी है। 24 मई को केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु को कवर करने बाद मानसून ने 25 मई को पूरा गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्से को कवर किया है। रविवार को महाराष्ट्र में 35 साल बाद तय समय से पहले मानसून पहुंचा। राज्य में मानसून अमूमन 5 जून के आसपास एंट्री करता था। इस बार 10 दिन पहले पहुंचा। इसके पहले 1990 में 20 मई को पहुंचा था।

मानसूनी बारिश पश्चिमी महाराष्ट्र में शुरू हुई है। रविवार को पुणे में तेज बारिश हुई। पुणे-सोलापुर हाईवे पर पाटस इलाके में बादल फटा। इसके चलते कई नदी-नाले अचानक उफान पर आ गए। यहां कई गाड़ियां बह गईं, ट्रैक्टर भी पानी में डूब गया। पुणे के बारामती और इंदापुर में बाढ़ जैसी स्थिति बनी। यहां NDRF की 2 टीमें रेस्क्यू के लिए तैनात की गई हैं। पुणे के बारामती में 83.6mm बारिश हुई, जबकि इंदापुर 35.7mm बारिश दर्ज की गई। इंदापुर के 70 गांवों और बारामती के 150 घरों में बारिश का पानी घुस गया था।

केरल और यूपी में भी बारिश

इसके अलावा केरल में भारी बारिश जारी है। त्रिशूर में चलती ट्रेन पर पेड़ गिर गया। कोझिकोड में स्कूटर चलाते समय एक व्यक्ति पर पेड़ गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। कोडंचेरी में भाई-बहनों की करंट लगने से मौत हो गई। राज्य के 9 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद हैं।

वहीं, यूपी में आज 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 15 साल में यह पहला मौका है जब नौतपा के 9 दिन में एक दिन भी लू नहीं चलेगी। नौतपा के पहले दिन 20 जिलों में जोरदार बारिश हुई।

Post Comment

You May Have Missed