पंजाब में आर्मी कैंप-BSF हेडक्वार्टर के बाहर IED ब्लास्ट, CM ने कहा- BJP ने कराए; चंडीगढ़ में भी हाई अलर्ट

पंजाब में आर्मी कैंप-BSF हेडक्वार्टर के बाहर IED ब्लास्ट, CM ने कहा- BJP ने कराए; चंडीगढ़ में भी हाई अलर्ट

जालंधर: पंजाब के जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर मंगलवार रात धमाका हुआ। इसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की बात कही जा रही है। गनीमत रही कि धमाके में किसी को चोट नहीं लगी। इस ब्लास्ट का वीडियो भी सामने आया है। वहीं, अमृतसर में आर्मी कैंप के भीतर भी ग्रेनेड अटैक की कोशिश की गई, लेकिन वह दीवार पर टकराकर फट गया।

डीजीपी गौरव यादव ने अमृतसर पहुंचकर मौके का जायजा लिया। उन्होंने माना कि जालंधर व अमृतसर में IED ब्लास्ट हुए। कहा कि जालंधर में संभव है कि टाइमर या रिमोट से ब्लास्ट किया गया हो। इसमें पाकिस्तान खुफिया एजेंसियों का हाथ है। ऑपरेशन सिंदूर की एनिवर्सरी की वजह से धमाके कराए गए हो सकते हैं।

सीएम मान ने भाजपा पर साधा निशाना

वहीं, श्री आनंदपुर साहिब से शुक्राना यात्रा के दौरान पंजाब CM भगवंत मान ने कहा कि ये ब्लास्ट भाजपा के इलेक्शन की तैयारी हैं। भाजपा छोटे-मोटे ब्लास्ट करवाकर लोगों को डराकर वोट लेना चाहती है। यह भाजपा का स्टाइल है। चुनाव वाले स्टेट में ब्लास्ट और दंगे करवा दो। इसी बीच जालंधर AAP लीडरशिप ने पुष्टि की है कि CM ने अपना जालंधर दौरा टाल दिया है। वह यहां शुक्राना कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।

CM पर बिट्‌टू का पलटवार

CM मान के बयान पर केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा- रोजाना ब्लास्ट हो रहे हैं। ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं। पंजाब के हालात बिगड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया है कि बीजेपी ने ब्लास्ट करवाया है, वह वाहियात है।

बिट्‌टू ने कहा कि बंगाल में केंद्रीय सुरक्षा बलों ने शांतिपूर्ण मतदान करवाया और बंगाल में एक पटाखा भी फूटने नहीं दिया। बिट्‌टू ने मुख्यमंत्री को चैलेंज किया- अगर हिम्मत है तो बीजेपी के नाम पर पर्चा दर्ज करवाओ। मेरे नाम पर करवाओ। कुछ तो शर्म होनी चाहिए। जो ISI चाहती है, तुम उन्हें शाबाशी दे रहे हो। डीजीपी कह रहे हैं कि ISI ने करवाया है। तुम एक-दूसरे को लड़वाने की कोशिश कर रहे हो। चीफ मिनिस्टर को इस तरह की बात नहीं करनी चाहिए। ऐसी बातें तो कौंसलर तक नहीं करते।

BJP पर पर्चा करवाओ

राज्‍यमंत्री बिट्‌टू ने कहा, CM को बर्फ की पट्टियां करने की जरूरत है। चीफ मिनिस्टर को चाहिए था कि वह आर्मी हेडक्वार्टर में जाते और वहां पर बात करते। बीएसएफ के साथ जाकर बात करते ताकि सेना का मनोबल बढ़ता। भाजपा देश प्रेमी हैं। अगर हिम्मत है तो भाजपा पर पर्चा करो।

वहीं, धमाके के बाद चंडीगढ़ में हाई अलर्ट जारी किया गया है। जालंधर धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने एक पोस्ट शेयर कर ली। इसमें लिखा है कि डीआईजी संदीप गोयल और उनका परिवार टारगेट पर है। इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा।

AAP विधायक बोले- यह लोगों को डराने की कोशिश

AAP के विधायक जसविंदर सिंह रामदास अमृतसर के खासा इलाके में हुए ब्लास्ट का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह ब्लास्ट सिर्फ लोगों को डराने की कोशिश है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और जल्द ही इस घटना को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जालंधर-अमृतसर में धमाके के बाद चंडीगढ़ में हाई अलर्ट

जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर हुए धमाके के बाद चंडीगढ़ स्थित पंजाब पुलिस मुख्यालय के मुख्य गेट को बुलेटप्रूफ कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यालय के बाहर पंजाब पुलिस के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं और आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

इसके साथ ही चंडीगढ़ पुलिस की पीसीआर भी आसपास लगातार गश्त कर रही है। यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि पास ही चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय और पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का कार्यालय भी स्थित है।

DGP गौरव यादव बोले- KLA के दावे झूठे, किसी की मौत नहीं हुई

अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान DGP गौरव यादव ने कहा- कल आर्मी एरिया में हुए धमाके के क्राइम सीन का मुआयना करने के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों के साथ अहम बैठक भी की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पंजाब पुलिस के अधिकारी और अन्य टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

DGP के मुताबिक, इस मामले की जांच के लिए कई विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं और हर पहलू से तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना में पाकिस्तानी कनेक्शन की संभावना को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, क्योंकि पंजाब लंबे समय से प्रॉक्सी वॉर का सामना कर रहा है।

खालिस्तान लिबरेशन आर्मी के दावे की जांच की जा रही

ऑपरेशन सिंदूर के बाद लगातार मिल रहे इनपुट्स के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में DGP ने कहा कि इस तरह की इनपुट्स आती रहती हैं और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि खालिस्तान लिबरेशन आर्मी द्वारा किए गए दावे की भी पुष्टि की जा रही है और हर तथ्य की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह एक IED धमाका लग रहा है और रिमोट की मदद से धमाका किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। खालिस्तान लिबरेशन आर्मी जैसे तत्व ISI के इशारों पर काम कर रहे हैं और पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में जांच टीमों को कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर तफ्तीश आगे बढ़ रही है।

मामले की गहराई से की जा रही जांच

DGP ने कहा कि मानवीय और तकनीकी इंटेलिजेंस की मदद से जांच की जा रही है और घटना के समय इलाके में सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों की भी गहराई से जांच हो रही है। DGP ने साफ किया कि खालिस्तान लिबरेशन आर्मी द्वारा किसी की मौत होने का किया गया दावा पूरी तरह झूठा है और लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिशें पहले भी नाकाम रही हैं और आगे भी सुरक्षा एजेंसियां ऐसे मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगी। पंजाब पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है और पिछले दिनों में हुई संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में भी जांच कर कई गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।

Post Comment

You May Have Missed