उमेशपाल हत्याकांड के शूटरों का मददगार गिरफ्तार, घोषित था 50 हजार का इनाम
बरेली: प्रयागराज STF टीम ने दिल्ली से 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश अफसार को गिरफ्तार किया है। उस पर माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ से शूटरों को अपनी आई आईडी पर जेल में अवैध तरीके से मिलवाने और हत्या की साजिश में शामिल रहने का आरोप है। एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार करने के बाद बिथरी चैनपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जांच में पता चला आया कि 07 मार्च, 2023 को जिला कारागार बरेली में बंद अशरफ उर्फ खालिद अजीम को जेल वार्डन शिवहरी अवस्थी समेत अन्य कर्मचारियों की मिलीभगत से नियत समय और स्थान से अलग हटकर अवैध मुलाकात कराई गई थी। इसी दौरान गुड्डू मुस्लिम, गुलाम, असद, अरमान, विजय चौधरी उर्फ उस्मान और सदाकत खान समेत 9 लोग अशरफ से मिले थे। सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर की जांच में पुष्टि हुई कि इसी मुलाकात में उमेश पाल और उसके दो सरकारी गनरों की हत्या का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया था।
दिल्ली के अमर कॉलोनी से दबोचा गया अफसार
एसटीएफ टीम ने 10 दिसंबर, 2025 को दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में दबिश देकर अफसार अहमद को गिरफ्तार किया। उस पर बरेली के बिथरी चैनपुर थाने में दर्ज मुकदमे में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उसे बरेली लाकर जेल भेज दिया गया।
2023 में दर्ज हुआ था केस
थाना बिथरी चैनपुर में 2023 में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें धारा 147, 384, 506, 201, 120बी, 195ए, 34, 119 के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 8, 13 और कारागार अधिनियम की धारा 42बी, 54 तथा CLA एक्ट की धारा 07 शामिल थीं। इसी मुकदमे में अफसार अहमद वांछित चल रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि गुलाम, गुड्डू मुस्लिम, उस्मान और असद सहित कई आरोपी जेल में अशरफ से मिले थे। बातचीत में अशरफ ने उमेश पाल को खत्म करने की हरी झंडी दी थी। इसके कुछ दिन बाद ही 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में दिनदहाड़े उमेश पाल और दो सरकारी गनरों की गोली तथा बम से हत्या कर दी गई। इसके बाद यूपी एसटीएफ और पुलिस ने कई अभियान चलाए और असद व गुलाम को एनकाउंटर में ढेर किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था मुलाकात का वीडियो
11 फरवरी को अशरफ अहमद से जेल में मिलने पहुंचे असद, गुड्डू मुस्लिम, गुलाम और उस्मान का वीडियो उस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इसी वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ी और पूरे मामले का खुलासा हुआ। उमेश पाल हत्याकांड के बाद बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने अशरफ, उसके साले सद्दाम, गुर्गे लल्ला गद्दी, जेल वार्डन शिवहरी अवस्थी, कैंटीन संचालक दयाराम उर्फ नन्हे, जेल अधिकारियों और कर्मचारियों सहित कई लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। लल्ला गद्दी सहित नौ आरोपियों को इस आधार पर जेल भेजा गया कि वे सद्दाम के लिए काम करते थे और उन्हीं के जरिए शूटर अशरफ तक पहुंचे थे।
एसएसपी अनुराग आर्य बोले- किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा
एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने उमेश पाल हत्याकांड की साजिश में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी अफसार अहमद को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी जेल में माफिया अशरफ से हुई अवैध मुलाकात और पूरी प्लानिंग में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। ऐसे सभी अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।



Post Comment