उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी में लू का अलर्ट, पारा पहुंचा 44.6°C; वाराणसी-प्रयागराज में स्‍कूलों की टाइमिंग बदली

यूपी में लू का अलर्ट, पारा पहुंचा 44.6°C; वाराणसी-प्रयागराज में स्‍कूलों की टाइमिंग बदली

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में 26 जिलों का तापमान 40°C या इससे ज्यादा पहुंच गया है। रविवार को अधिकतर जिलों में सुबह से तेज धूप निकली है। हवा की रफ्तार कम होने से उमस का एहसास हो रहा है। सड़कों पर सन्नाटा है। वाराणसी और प्रयागराज में 8वीं तक के स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है।

गोरखपुर चिड़ियाघर में बाघ तालाब से बाहर नहीं आ रहा है। हाथी ‘गंगा प्रसाद’ को बार-बार नहलाया जा रहा है। मेरठ में AC कंप्रेसर फटने से आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।

बांदा देश में तीसरा सबसे गर्म शहर

उधर, फिरोजाबाद में 150 साल पुरानी सब्जी मंडी में देर रात आग लग गई। 60 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बांदा देश में तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 44.6°C दर्ज किया गया। एक दिन पहले यानी शुक्रवार को बांदा एशिया में सबसे गर्म शहर रहा था, तब अधिकतम तापमान 45.4°C रिकॉर्ड किया गया था।

इस बार गर्मी ने सामान्य से करीब 10 दिन पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले साल 27 अप्रैल को पहली बार तापमान 45°C के पार पहुंचा था, जबकि इस बार यह स्थिति अप्रैल के मध्य में ही बन गई।

इन जिलों में हीट-वेव का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने आज पूर्वी यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज और आसपास के जिलों में लू (हीट-वेव) का अलर्ट जारी किया है। लोगों को धूप से बचने और दोपहर के वक्त बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र के आसपास बने एंटी-साइक्लोन के असर से अगले 2-3 दिनों के दौरान तापमान में 2-3°C की बढ़ोतरी होगी। अधिकांश जिलों का तापमान 45°C या इससे पार पहुंचेगा। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। फिलहाल अप्रैल के बचे दिनों में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

यूपी में आज से 3 दिन लू चलेगी

  • 19 अप्रैल: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज एवं आस पास के क्षेत्र।
  • 20 अप्रैल: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर एवं आस पास के क्षेत्र।
  • 21 अप्रैल: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर एवं आस पास के क्षेत्र।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *