Hathras News: हाथरस में भोले बाबा के सत्संग में मची भगदड़, अब तक 27 लोगों की मौत

Hathras News: हाथरस में भोले बाबा के सत्संग में मची भगदड़, अब तक 27 लोगों की मौत

Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में भोले बाबा का सत्संग चल रहा था। बताया गया है कि सत्संग खत्‍म होने के बाद जैसे भी भीड़ निकलना शुरू हुई तो भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में महिलाएं और बच्चे बुरी तरह कुचलते चले गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को मेडिकल कॉलेज एटा भेजा गया है। अब तक 27 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है। यह आंकड़ा अभी बढ़ भी सकता है। वहीं, सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लिया है।

एटा के एसएसपी राजेश कुमार सिंह के अनुसार, जिस वक्त भगदड़ हुई उस समय हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे में धार्मिक आयोजन चल रहा था। एटा अस्पताल में अब तक 27 शव आ चुके हैं, जिनमें 23 महिलाएं, तीन बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। अभी घायल अस्पताल नहीं पहुंचे हैं। आगे की जांच की जा रही है। इन 27 शवों की पहचान की जा रही है।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान | Hathras News

इस घटना को लेकर मुख्‍यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर लिखा- जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं और प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने के लिए निर्देशित किया है। ADG, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

हादसे की चश्मदीद ने बयां किया भयावह मंजर

हादसे (Hathras News) को अपनी आंखों से देखने वाली युवती ने बताया कि सत्संग में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। सत्संग समाप्त हुआ उसके बाद लोग वहां से जाने लगे। इसी दौरान निकलने की जल्दी में भगदड़ मच गई। लोग एक दूसरे को देख ही नहीं रहे थे। महिलाएं और बच्चे गिरते चले गए। भीड़ उनके ऊपर से दौड़ रही थी। कोई बचाने वाला नहीं था। चारों ओर चीख-पुकार मची हुई थी।

एटा मेडिकल कॉलेज लाए गए घायल | Hathras News Update

हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ के दौरान कई लोग घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज लाया गया है। एटा मुख्य चिकित्सा अधिकारी उमेश त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर विक्रांत द्विवेदी, कोतवाली नगर अरुण पवार सहित तमाम पुलिस प्रशासन के अधिकारी मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं।

Post Comment

You May Have Missed