शंभू-खनौरी बॉर्डर से बैरिकेड हटा रही हरियाणा पुलिस, 13 महीने बाद खुलेगा दिल्ली-अमृतसर हाईवे

शंभू-खनौरी बॉर्डर से बैरिकेड हटा रही हरियाणा पुलिस, 13 महीने बाद खुलेगा दिल्ली-अमृतसर हाईवे

पटियाला/अंबाला/जींद/जालंधर/संगरूर: पंजाब-हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन की वजह से की गई बैरिकेडिंग अब हटाई जा रही है। हरियाणा पुलिस गुरुवार सुबह से इसे हटा रही है। किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए सीमेंट की यह बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिस के अनुसार, शाम तक 13 महीने से बंद दिल्ली-जम्मू-अमृतसर हाईवे को ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा।

इधर, बुधवार दोपहर हिरासत में लिए गए किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को पंजाब में आर्मी के कंट्रोल वाले जालंधर कैंट के PWD रेस्ट हाउस में रखा गया है। पहले पुलिस उन्हें जालंधर सिटी के PIMS अस्पताल ले गई थी। यहां किसानों के इकट्‌ठा होने की आशंका के चलते गुरुवार सुबह उन्हें शिफ्ट कर दिया गया।

करीब 200 किसान पुलिस हिरासत में

कल (19 मार्च) को दोपहर में केंद्र सरकार के साथ चंडीगढ़ में 7वीं बार बातचीत करके लौट रहे किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण सिंह पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के जगजीत सिंह डल्लेवाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इसके बाद पंजाब पुलिस ने बुधवार देर शाम को शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों को हटा दिया था। इस दौरान विरोध करने वाले करीब 200 किसानों को हिरासत में लिया गया। पंजाब पुलिस ने बुलडोजर से किसानों के बनाए शेड भी तोड़ दिए थे।

जालंधर कैंट में चेकिंग के बाद एंट्री

जालंधर केंट के एंट्री गेट पर आर्मी के नाके से पहले पंजाब पुलिस की भारी फोर्स तैनात कर दी गई है। हर एक वाहन और व्यक्ति की चेकिंग के बाद आगे जाने दिया जा रहा है। इसके बाद आर्मी का नाका क्रॉस कर कैंट के अंदर एंट्री दी जा रही है। अंदर ही PWD गेस्ट हाउस में जगजीत सिंह डल्लेवाल को पंजाब पुलिस ने रखा है।

Post Comment

You May Have Missed