खादी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: Rakesh Sachan
-
सात दिवसीय लघु खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ, मंत्री राकेश सचान ने किया उद्घाटन
Rakesh Sachan: होली के अवसर पर 20 से 26 फरवरी 2026 तक खादी भवन परिसर में सात दिवसीय लघु खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन विभागीय मंत्री राकेश सचान द्वारा किया गया। इस दौरान मंत्री राकेश सचान ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को जन-जन तक पहुंचाने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खादी प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें लगभग 1953 स्टॉलों के माध्यम से 3949.49 लाख रुपये की बिक्री हुई। इसके अतिरिक्त खादी महोत्सव-2025 में 160 से अधिक इकाइयों द्वारा 3.20 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष से 42 प्रतिशत अधिक रही।

खादी उत्पादों को दी जा रही नई पहचान: राकेश सचान
उन्होंने कहा कि खादी क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना ही विभाग का उद्देश्य है। आधुनिक तकनीकों के साथ खादी उत्पादों को नई पहचान दी जा रही है, जिससे युवाओं में इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है। मंत्री ने आमजन से अपील की कि वे प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खादी उत्पादों की खरीदारी करें, जिससे स्थानीय उद्यमियों का उत्साहवर्धन हो। प्रदर्शनी में 40 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें विभिन्न जनपदों एवं स्थानीय इकाइयों के उद्यमियों द्वारा खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में हर्बल गुलाल, पापड़, नमकीन, शहद, आंवला उत्पाद, चादर, गमछे, तौलिये, कुर्ता-पायजामा, रेशमी एवं सिल्क साड़ियां तथा हस्तशिल्प आधारित वस्त्र उपलब्ध हैं। इस अवसर पर प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग अनिल सागर, मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर, वित्तीय सलाहकार मानवेन्द्र सिंह तथा योजनाधिकारी विनोद श्रीवास्तव सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।




Post Comment