Gorakhpur: गोवि में अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों का बढ़ा आकर्षण, 90 विदेशी छात्रों ने किया आवेदन

Gorakhpur: गोवि में अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों का बढ़ा आकर्षण, 90 विदेशी छात्रों ने किया आवेदन
  • वैश्विक शिक्षा का सशक्त केंद्र बन रहा है विश्वविद्यालय: कुलपति

Gorakhpur: दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। विदेशी विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि इस बात का प्रमाण है कि विश्वविद्यालय अब वैश्विक शिक्षा मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। विश्वविद्यालय को विभिन्न देशों से कुल 90 अंतरराष्ट्रीय छात्रों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 32 आवेदन विश्वविद्यालय के पोर्टल तथा 58 आवेदन भारत सरकार के ‘स्टडी इन इंडिया’ पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुए हैं।

प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक 51 आवेदन बांग्लादेश, 31 आवेदन नेपाल, 5 आवेदन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) तथा कोलंबिया, दक्षिण अफ्रीका और सूडान से एक-एक आवेदन प्राप्त हुए हैं। विदेशी विद्यार्थियों ने इंजीनियरिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, माइक्रोबायोलॉजी तथा शोध कार्यक्रमों सहित अनेक पाठ्यक्रमों में रुचि दिखाई है। ‘स्टडी इन इंडिया’ पोर्टल के माध्यम से स्नातक एवं स्नातकोत्तर दोनों स्तर के पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो विश्वविद्यालय की विविध शैक्षणिक संभावनाओं को रेखांकित करता है।

कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि शिक्षा का अंतरराष्ट्रीयकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य डीडीयू को ऐसा उत्कृष्ट शैक्षणिक केंद्र बनाना है, जहाँ स्थानीय ज्ञान और वैश्विक विशेषज्ञता का समन्वय हो, प्रतिभाओं का विकास हो, बौद्धिक उन्नयन को बढ़ावा मिले तथा नवीन ज्ञान का सृजन हो। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार का सशक्त मंच है। कुलपति प्रो. टंडन ने यह भी बताया कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 से भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के माध्यम से प्रवेश लेने वाले अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को फेलोशिप प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक सहयोग प्राप्त होगा और वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शोध के लिए बेहतर अवसर हासिल कर सकेंगे।

Post Comment

You May Have Missed