आज प्रयागराज महाकुंभ पहुंच रहे गौतम अडाणी, 5 फरवरी को आएंगे पीएम मोदी
प्रयागराज: संगम नगरी में आयोजित महाकुंभ का मंगलवार (21 जनवरी) को 9वां दिन है। आज सुबह 8 बजे तक 16 लाख लोगों ने स्नान किया। अब तक 8.5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। इसी बीच जानकारी सामने आई है कि 1 फरवरी को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पांच फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 10 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाकुंभ में आएंगी।
इससे पहले आज उद्योगपति गौतम अडाणी महाकुंभ आएंगे। इस दौरान वह इस्कॉन पंडाल में भंडारा कराएंगे। साथ ही त्रिवेणी में पूजा-अर्चना के बाद बड़े हनुमान जी के दर्शन करेंगे। अडाणी समूह इस साल इस्कॉन और गीता प्रेस के साथ मिलकर महाकुंभ आने वाले शृद्धालुओं की सेवा में लगा है। इस्कॉन के साथ मिलकर अडाणी समूह रोज 1 लाख श्रृद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण कर रहा है। इसके अलावा गीता प्रेस के साथ मिलकर अडाणी समूह 1 करोड़ आरती संग्रह का वितरण कर रहा है।
गंगाजल की जांच कर रही एटीएस
इधर, महाकुंभ में ATS ने गंगाजल की जांच शुरू कर दी है। पहले भी संगम पर पानी की जांच रोज कराई जाती रही है। हालांकि, अब इसमें ATS और डॉक्टर्स की टीम शामिल की गई है।
महाकुंभ में 20 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और बढ़े 100 जवान
महाकुंभ में रविवार शाम आग के बाद सोमवार को डीजी फायर सर्विस अविनाश चंद्रा ने घटनास्थल देखा। महाकुंभ के लिए 20 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और 100 फायर कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौके पर हीटर, ब्लोअर, इमर्शन रॉड व इलेक्ट्रिक केतली के अवशेष मिले हैं। हर सेक्टर में दो प्रवर्तन टीमें लगाकर इनकी जांच कराई जाएगी। प्रतिबंधित सामान मिलने पर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।



Post Comment