दिल्ली-NCR में बाढ़, नोएडा के कई सेक्टर डूबे; पंजाब में मृतकों की संख्‍या हुई 43

दिल्ली-NCR में बाढ़, नोएडा के कई सेक्टर डूबे; पंजाब में मृतकों की संख्‍या हुई 43

नई दिल्‍ली: दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश के कारण यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। नोएडा में सेक्टर-135 और सेक्टर-151 डूब गए हैं। कई इलाके में 3 से 4 फीट पानी भरा है।

वहीं, हरियाणा के पंचकूला, हिसार, रोहतक और झज्जर में सभी स्कूल बंद हैं। फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और फरीदाबाद में भी कुछ स्कूल बंद कर दिए गए हैं। गुरुग्राम की सिग्नेचर ग्लोबल सलोरा सोसाइटी में गुरुवार को पानी भर गया। इससे महिलाएं और बच्चे घरों में कैद हो गए।

बोराज झील की दीवार ढही

राजस्थान के अजमेर में गुरुवार रात भारी बारिश के बाद बोराज झील की दीवार ढह गई। इससे 1 हजार से ज्यादा घरों में अचानक सैलाब आ गया। लोगों ने छतों पर जाकर जान बचाई। पानी का बहाव इतना तेज था कि कई गाड़ियां बह गईं। मकान क्षतिग्रस्त हो गए। देर रात तक लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला।

उधर, पंजाब में बाढ़ में मरने वालों की संख्या गुरुवार को बढ़कर 43 हो गई। राज्य के 23 जिलों के 1,655 गांवों में 3.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 1.71 लाख हेक्टेयर जमीन पर लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं। राज्य में अगले 5 दिन बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। इससे बाढ़ से राहत मिल सकती है।

कश्‍मीर में बारिश और लैंडस्‍लाइड

कश्मीर का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क कटा कश्मीर में गुरुवार को बारिश और लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे सहित सभी सड़कें बह गईं या टूट गईं। इससे घाटी का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क कट गया है। झेलम नदी का जलस्तर कम हो गया है। नदी अब खतरे के निशान से नीचे बह रही है। हालांकि, एहतियात के तौर पर, कश्मीर रीजन के स्कूल और कॉलेज शनिवार, 6 सितंबर तक बंद कर दिए गए हैं।

जम्मू के रामबन जिले में भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और लैंडस्लाइड के बाद 283 घर क्षतिग्रस्त हो गए। 950 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। रामबन के डिप्टी कमिश्नर​​​ अलयास खान ने बताया कि लगातार बारिश के कारण 29 अगस्त को रामबन के राजगढ़ तहसील के द्रुबला गांव में अचानक बादल फटने से बाढ़ और लैंडस्लाइड हुई थी।

जम्मू-कश्मीर में सेना ने लोगों की मदद के लिए पुल बनाया

जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह जिले के बेजा गांव में सेना की 4 राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट ने बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के बाद फंसे सैकड़ों ग्रामीणों की मदद के लिए 18 घंटे से भी कम समय में एक अस्थायी लकड़ी का पैदल पुल बना दिया है। बेजा गांव में 1 सितंबर को लगातार बारिश के बाद बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई थी।

इससे इलाके को भद्रवाह शहर से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क बह गई। बुटला, बेजा, श्रेखी और कट्यारा के लोगों का शहर से पूरी तरह संपर्क टूट गया था। लोगों को खाने-पीने की चीजें, दवाइयों और जरूरी सामानों के लिए उफनती नदी को पार करके भद्रवाह जाना पड़ रहा था।

Post Comment

You May Have Missed