Ekta Kapoor-Imtiaz Ali: फिर साथ आए एकता और इम्तियाज, बनाएंगे ‘हीर रांझा’

Ekta Kapoor-Imtiaz Ali: फिर साथ आए एकता और इम्तियाज, बनाएंगे ‘हीर रांझा’

Ekta Kapoor-Imtiaz Ali: इम्तियाज अली और एकता कपूर एक बार फिर साथ आ रहे हैं. ‘लैला मजनू’ जैसी कल्ट फिल्म के बाद ये दोनों दिग्गज फिर से अपनी क्रिएटिविटी का जादू बिखेरने को तैयार हैं. ‘हीर रांझा’ असल में ‘लैला मजनू’ फ्रेंचाइजी का दूसरा हिस्सा है, जो मोहब्बत की इस पुरानी कहानी को आज के दर्शकों के साथ एक नए और गहरे अंदाज में जोड़ेगी. पुरानी क्लासिक लव स्टोरी होने के बावजूद, ‘हीर रांझा’ को आज के दौर के हिसाब से ढालकर पेश किया जाएगा. यह फिल्म नई पीढ़ी के लिए प्यार के मायने फिर से लिखेगी. जैसे ही फिल्म के नाम का खुलासा हुआ, ‘लैला मजनू’ फ्रेंचाइजी के फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है. ‘हीर रांझा’ की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है और इस फिल्म का डायरेक्शन साजिद अली करेंगे.

क्या बोलीं एकता कपूर?

इस अनाउंसमेंट पर बात करते हुए एकता कपूर ने कहा, ‘इम्तियाज और साजिद के पास प्यार को पूरी ईमानदारी और गहराई के साथ दिखाने का एक खास हुनर है. ‘लैला मजनू’ को भले ही अपना मुकाम बनाने में थोड़ा वक्त लगा, लेकिन आज वह एक कल्ट क्लासिक बन चुकी है! ‘हीर रांझा’ एक ऐसी प्रेम कहानी है जो वक्त और जज्बातों की सीमाओं को पार करने का दम रखती है. हमें उम्मीद है कि अपनी कहानी कहने के अंदाज से हम भारत और पूरी दुनिया के दर्शकों के दिलों को छू पाएंगे.’

इम्तियाज अली ने की बात

प्रेजेंटर इम्तियाज अली ने इस बारे में बात करते हुए कहा, ‘हीर रांझा की अपनी एक अलग ही दुनिया और लय है यह आज की जनरेशन के प्यार की भाषा बोलती है, फिर भी इसमें कुछ ऐसा है जो हमेशा बना रहने वाला है. एकता के साथ दोबारा काम करना एक पुराने भावनात्मक रिश्ते को आगे बढ़ाने जैसा महसूस होता है.’ इम्तियाज अली की इस पेशकश का डायरेक्शन साजिद अली कर रहे हैं और इसे शोभा कपूर, एकता कपूर और प्रीति अली प्रोड्यूस कर रहे हैं. ‘हीर रांझा’ एक मशहूर रोमांटिक फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ा रही है, जिससे वैलेंटाइन डे पर हुआ यह ऐलान सदाबहार प्रेम कहानियों के फैंस के लिए बेहद खास बन गया है.

Post Comment

You May Have Missed