राघव चड्ढा को डिंपल यादव ने कहा गद्दार, मैनपुरी में बोलीं- दूसरी पार्टी में जाना गद्दारी
मैनपुरी: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ने वाले राघव चड्ढा सहित अन्य सांसदों को गद्दार कहा है। रविवार को मैनपुरी में उन्होंने कहा, जिस पार्टी की वजह से आप राज्यसभा सांसद बने। आप जनता के बीच तो नहीं गए, आपको लोगों ने चुनकर नहीं भेजा। पार्टी ने आप पर भरोसा किया और आप दूसरी पार्टी में चले गए, मैं समझती हूं कि यह गद्दारी है।
डिंपल यादव मैनपुरी के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार को उन्होंने किशनी विधानसभा में सपा कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुईं। उन्होंने कहा, ऐसे कदम लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करते हैं। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं को तोड़ने की कोशिशें लगातार की जा रही हैं।
बंगाल में ममता सरकार बनने का दावा
डिंपल यादव ने कहा, देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। निष्पक्षता को लेकर संदेह बढ़ा है। उन्होंने नए चुनाव आयुक्त के आने के बाद कुछ लोगों को लाभ मिलने के आरोप भी लगाए। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक मजबूत नेता हैं और आगामी चुनावों में फिर उनकी ही सरकार बनेगी। भले ही टीएमसी औपचारिक रूप से इंडिया गठबंधन का हिस्सा न हो, लेकिन संसद में उसकी भूमिका अहम है।
मणिपुर हिंसा को लेकर डिंपल यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 2023 से राज्य में हालात खराब हैं और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं, लेकिन सरकार शांति बहाल करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने संवाद के बजाय हालात बिगड़ने दिए।
— Dimple Yadav (@dimpleyadav) April 26, 2026
महिला सुरक्षा पर भाजपा को घेरा
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार को घेरते हुए डिंपल ने कहा, दुष्कर्म और हत्या के मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल रहा। कई मामलों में एफआईआर दर्ज कराने में भी कठिनाई होती है और पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यक समुदायों का शोषण जारी है।
राघव चड्ढा बीजेपी में शामिल
24 अप्रैल की शाम आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसदों ने पार्टी छोड़ दी थी। इसका ऐलान पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। इसके बाद वह भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राघव के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
उन्होंने बताया था कि राज्यसभा सांसद संदीप पाठक और अशोक कुमार मित्तल के अलावा हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता भी उनके साथ हैं।
राघव बोले– दलबदल कानून नहीं लगेगा
राघव चड्ढा ने कहा था कि पार्टी के दो-तिहाई सांसदों ने यह फैसला लिया, इसलिए दलबदल कानून लगने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा था कि पिछले कुछ सालों से, मुझे यह महसूस हो रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं। हमने यह फैसला किया है कि हम संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए खुद को BJP में मिला लेंगे।



Post Comment