महिला के घर में डिलीवरी एजेंट जबरन घुसा, प्राइवेट पार्ट दिखाया; आरोपी गिरफ्तार
बेंगलुरु: बेंगलुरु में फ्लिपकार्ट (Flipkart) का पार्सल डिलीवर करने गए एजेंट को महिला के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में हुई है। महिला ने बताया कि डिलीवरी एजेंट पार्सल देने उसके घर आया था। महिला ने कहा कि मैं घर में अकेली थी। डिलीवरी एजेंट ने पार्सल देने के बाद वॉशरूम इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी, लेकिन मैंने उसे कई बार मना किया। मैंने उससे कहा कि वह किसी पड़ोसी से मदद ले सकता है।
इसके बावजूद आरोपी जूते-चप्पल उतारकर जबरन फ्लैट के अंदर घुस गया। महिला का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर आने के बाद आरोपी ने अपना प्राइवेट पार्ट दिखाया और अश्लील हरकत की। महिला ने वॉशरूम से निकलते समय डिलीवरी एजेंट का वीडियो भी बनाया, जिसमें उसकी पैंट की जिप खुली दिखाई दी।
महिला बोली- अपने ही घर में अपमानित महसूस हुआ
महिला के मुताबिक, वह अपने फ्लैट में अकेले रहती है। घटना के बाद वह बुरी तरह घबरा गई थी। उसने सोशल मीडिया पर रोते हुए अपना एक वीडियो शेयर किया। उसने कहा- मैं सदमे में थी। अपने ही घर में मुझे अपमानित, असुरक्षित और मेरी गरिमा का उल्लंघन होने जैसा महसूस हुआ। फ्लिपकार्ट और मिंत्रा वाले किस तरह के डिलीवरी एजेंट रखते हैं। क्या उनकी वेरिफिकेशन नहीं होती। मैंने उसे मना किया था। एक महिला ने ‘नहीं’ कहा था, वहीं बात खत्म हो जानी चाहिए थी। किसी को भी उसके घर में जबरन घुसने का अधिकार नहीं है।
महिला ने बताया कि डर के कारण उसने अपने मोबाइल का कैमरा ऑन कर लिया और घर का दरवाजा खुला रखा, ताकि जरूरत पड़ने पर बाहर निकलकर मदद मांग सके। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फ्लिपकार्ट ने की सहयोग की बात
इस पूरी घटना के सामने आने के बाद फ्लिपकार्ट के प्रवक्ता ने कहा कि हम इस घटना से बहुत परेशान हैं और पूरा सपोर्ट दे रहे हैं। कस्टमर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। जैसे ही यह मामला हमारे सामने आया, हमने तुरंत सामने इसमें शामिल डिलीवरी पार्टनर का काम खत्म कर दिया। एक FIR दर्ज की गई है। हम जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।



Post Comment