Delhi: बनेंगे स्मार्ट राशन कार्ड, समस्या के समाधान के लिए हर हफ्ते लगाए जाएंगे कैंप
Delhi: दिल्ली में जल्द ही QR कोड वाले स्मार्ट राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। ये स्मार्ट राशन कार्ड एडवांस्ड डिजिटल क्षमताओं के लैस होंगे, जो ज्यादा पारदर्शी और अनुकूल होंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को नए स्मार्ट कार्ड जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के लिए 01 मई से साप्ताहिक शिकायत कैंप लगाने की घोषणा भी की। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, रेखा गुप्ता ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में विभागीय कार्यप्रणाली, योजनाओं के क्रियान्वयन, तकनीकी सुधारों और जनसेवा से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर गहन समीक्षा की गई।
01 मई से हर शनिवार को लगाए जाएंगे शिकायत समाधान कैंप
एक महत्वपूर्ण निर्देश में, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 01 मई से प्रत्येक शनिवार को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक सभी नामित केंद्रों पर ‘जन शिकायत समाधान कैंप’ आयोजित किए जाएंगे। आधिकारिक बयान के अनुसार, “जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ये कैंप सहायक आयुक्तों की उपस्थिति में आयोजित किए जाएंगे और राशन कार्ड से संबंधित सभी लंबित शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।” बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ये सत्यापित करने के लिए चुनिंदा शिविरों का औचक निरीक्षण करेंगी कि क्या शिकायतों का उचित तरीके से समाधान किया जा रहा है।
जल्द आमंत्रित किए जाएंगे नए आवेदन
बयान के अनुसार, “अधिकारियों को इन कैंपों का इस्तेमाल ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए करने को भी कहा गया है, जिसमें स्पष्ट रूप से ये बताया जाए कि लाभार्थी एक समय में केवल एक ही स्थान से राशन ले सकते हैं।” व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने नए लाभार्थियों के चयन के लिए एक विशेष समिति बनाने का प्रस्ताव दिया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जल्द से जल्द नए आवेदन आमंत्रित किए जाएं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति छूट न जाए।
दोषी डीलरों और आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने राशन वितरण में गड़बड़ियों जैसे कम सामान देना, देरी करना और कटौती पर सख्त नाराजगी जताई। बयान के अनुसार, “मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि डीलरों और आपूर्तिकर्ताओं दोनों पर स्पष्ट जिम्मेदारी तय की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।” इसमें कहा गया है कि तकनीकी सुधार की दिशा में मुख्यमंत्री ने नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए हैं और ये कार्ड नए डिजाइन, क्यूआर कोड और आधुनिक डिजिटल फीचर से लैस होंगे, जिससे राशन वितरण अधिक पारदर्शी और लोगों के लिए आसान हो जाएगा।



Post Comment