वृंदावन हादसा में मृतकों की संख्या हुई 13, नाव डूबने से पहले के चार वीडियो आए सामने

वृंदावन हादसा में मृतकों की संख्या हुई 13, नाव डूबने से पहले के चार वीडियो आए सामने

मथुरा: वृंदावन में नाव हादसे में अब तक 13 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। 22 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। रविवार को तीसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। सेना, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ सहित लगभग 250 लोगों की टीम ऑपरेशन में लगी हुई है। अब जांच का दायरा 14 किमी से बढ़ाकर 20 किमी कर दिया गया है।

आज सुबह दो और शव मिले। इनकी पहचान पंजाब के दुगरी (लुधियाना) की डिंकी और जगराओं के ऋषभ शर्मा के रूप में हुई। प्रशासन के अनुसार, शव फूलकर नदी के ऊपर आ गए थे। रस्सी बांधकर शवों को नाव में खींचा गया और बाहर निकाला। परिजनों ने दोनों की पहचान की। डिंकी BA फाइनल ईयर की छात्रा थी। ऋषभ 12वीं पास था। पिता के काम में हाथ बंटाता था।

हादसे के चार वीडियो आए सामने

हादसे से पहले के 4 वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें श्रद्धालु ढोलक-मंजीरा बजा रहे हैं। भक्ति भाव में डूबे श्रद्धालु राधे-राधे के जयकारे लगा रहे हैं। ‘नजर सांवरे लग न जाए कहीं..’ भजन गा रहे हैं। इससे पहले, सर्चिंग अभियान के दूसरे दिन यानी शनिवार को पंजाब निवासी मानिक टंडन का शव देवरहा बाबा घाट के पास से बरामद हुआ था। उनकी सगाई हो चुकी थी और सितंबर में शादी होनी थी। बेटे की लाश देखकर बुजुर्ग पिता फफक पड़े।

शुक्रवार दोपहर 3 बजे 38 श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई थी। हादसा श्री बांके बिहारी मंदिर से 2 किमी दूर केसी घाट पर हुआ था। पुलिस ने आरोपी नाविक पप्पू निषाद और पांटून पुल के ठेकेदार नारायण शर्मा को जेल भेज दिया है। पप्पू ने अपनी नाव में श्रद्धालुओं को जुगल घाट से बैठाया था।

वृंदावन हादसे में पंजाब के इन 13 लोगों की मौत

  • अंजू गुलाटी
  • सपना हंस
  • राकेश गुलाटी
  • कविता बहल
  • चरनजीत
  • ऋषभ शर्मा
  • मधुर बहल
  • पिंकी बहल
  • ईशान कटारिया
  • मीनू बंसल
  • आशा रानी
  • मानिक टंडन
  • डिंकी।

वृंदावन हादसा– पंजाब के 3 लोग लापता

  • यश भल्ला, जस्सियां (लुधियाना)
  • मोनिका, दुगरी (लुधियाना)
  • पंकज, जलालाबाद (फाजिल्का)।

कैसे हुआ हादसा?

हादसे में जिंदा बचे एक युवक ने बताया कि नाव तट से लगभग 50 फीट दूर यमुना नदी के बीच में थी। हवा करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। नाव अचानक डगमगाने लगी। नाविक का नियंत्रण छूट गया। पर्यटकों ने कहा कि पुल आने वाला है, नाव रोक लीजिए, लेकिन उसने नहीं सुनी। दो बार नाव पुल से टकराने से बची, लेकिन तीसरी बार टक्कर हो गई और नाव डूब गई।

Previous post

ईरान-अमेरिका की बातचीत बेनतीजा, उप राष्ट्रपति बोले- ये अमेरिका से ज्‍यादा ईरान के लिए बुरी खबर

Next post

मिर्जापुर में सुबह वकील की हत्या, रात को आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार; ऐसे हुई पूरी वारदात

Post Comment

You May Have Missed