लखनऊ के हनुमान मंदिरों में सुबह से भक्तों की भीड़, भंडारों के ऐप और हेल्पलाइन पर दें सूचना
लखनऊ: राजधानी के हनुमान मंदिरों में ज्येष्ठ के दूसरे बड़े मंगल पर तड़के सुबह से भक्तों की कतारें लगी हुई हैं। घंटे और घड़ियाल बजने से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। दर्शन के बाद लोग एक-दूसरे को तिलक लगाकर प्रसाद दे रहे हैं। अलीगंज प्राचीन मंदिर, पुराने हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु, हनुमंतधाम, गुलाचीन, लेटे हनुमान मंदिर और दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में भक्तों का दर्शन के लिए तांता लगा है।
हालांकि, दिन में होने वाले भंडारों में इस बार कमी दिख रही है। एक अनुमान के अनुसार, शहर में 1000 हजार से ज्यादा भंडारे होंगे। नगर निगम में इस बार 300 लोगों ने बड़े मंगल के भंडारे के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। पहले मंगल पर 348 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
पुजारी बोले– जो भी मनोकामना मांगेंगे, पूरी होगी
हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित मोहित शुक्ला ने कहा कि आज ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल है। सुबह 4:30 बजे से ही हनुमान भक्तों का मंदिर में आगमन शुरू हो गया है। अब रात्रि 12:30 बजे तक यह सिलसिला जारी रहेगा। आज के दिन बजरंगबली से जो भी मनोकामना मांगेंगे, पूरी जरूर होती है।
नगर निगम करेगा पानी-सफाई के इंतजाम
ज्येष्ठ महीने का आज दूसरा बड़ा मंगल है। इस अवसर पर जिले में 1000 से ज्यादा भंडारे होंगे। नगर निगम में करीब 300 लोगों ने भंडारे के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है। इन भंडारों में नगर निगम फ्री में पानी और सफाई-व्यवस्था कराएगा।
इसके लिए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। नगर निगम के वन ऐप पर भंडारे का रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने शहर के बड़े मंदिरों पर होने वाली भीड़ के मद्देनजर कई प्रमुख सड़कों पर रूट डायवर्जन लागू किया है।
प्लास्टिक और थर्माकोल से बचने की अपील
नगर निगम की तरफ से पर्यावरण को हरा और स्वच्छ बनाए रखने केअपील की गई है। नगर आयुक्त ने कहा कि चिलचिलाती गर्मी में लगने वाले इन भंडारों में लाखों श्रद्धालु प्रसाद और जल ग्रहण करते हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि आयोजन पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल हो। उन्होंने आयोजकों से अनुरोध किया कि प्लास्टिक और थर्माकोल के उपयोग से बचें। पत्तलों और मिट्टी के कुल्हड़ का प्रयोग करें, जिससे परंपरा के साथ-साथ प्रकृति का भी संरक्षण हो सके। भंडारों में लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करने की अपील की है।
वन ऐप पे दे भंडारे की सूचना
भंडारे की सूचना लखनऊ वन ऐप के स्वच्छ जीरो वेस्ट ऑप्शन में जाकर न्यू रिक्वेस्ट पर क्लिक करके भी दी जा सकती है। इससे न केवल सफाई और कचरा प्रबंधन में सहयोग मिलेगा, बल्कि जलकल विभाग द्वारा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी भंडारे स्थल पर फ्री में की जाएगी।
भंडारा स्थल पर सूखा और गीला कूड़ा के लिए अलग-अलग बड़े डस्टबिन लगेंगे। भंडारा के बाद नगर निगम की तरफ से पूरा कलेक्शन और सफाई की अलग व्यवस्था की जाएगी। कूड़ा पंजीकरण कराने वाले आयोजकों को प्राथमिकता के आधार पर यह सुविधा दी जाएगी।
नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर जारी
नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता संबंधी किसी भी समस्या के लिए नगर निगम के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
टोल-फ्री नंबर: 1533
मोबाइल नंबर: 9219902911, 9219902912, 9219902913, 9219902914
जलकल कंट्रोल रूम: 8177054100, 8177054010, 8177054003
लखनऊ स्वच्छता अभियान (जोन 1, 3, 4, 6, 7): 18001234999
लायन एनवायरो (जोन 2, 5, 8): 18002026172
मंदिरों में विशेष तैयारी, नगर निगम भी तैयार
शहर के हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट, पेयजल, पार्किंग की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिरों में आरती-कीर्तन और सुंदरकांड के पाठ को लेकर समय तय कर दिए गए हैं। नगर निगम में भंडारे को लेकर 24 घंटे पहले कंट्रोल रूम नंबर 1533 पर जानकारी मांगी गई है।



Post Comment