सीएम योगी ने झांसी के किले में किया योग, राजभवन में राज्‍यपाल ने किए योगासन

सीएम योगी ने झांसी के किले में किया योग, राजभवन में राज्‍यपाल ने किए योगासन

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार (21 जून) को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने 45 मिनट तक योग किया। प्रयागराज माघ मेले के दौरान रबर बॉय के नाम से मशहूर हुए आदर्श पांडेय ने पेड़ की डाल पर योग किया। काशी में महिलाओं ने गंगा के बीच क्रूज पर योगासन किए। छात्रों ने पानी के अंदर योग किया।

लखनऊ में आज योग दिवस मनाया जा रहा है। जनभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने योगासन किए। रेजिडेंसी में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लोगों के साथ प्राणायाम किया। वहीं, जनेश्वर मिश्र पार्क में मंत्री और अधिकारियों का जमावड़ा दिखा। यहां योगासन कंप्लीट होने के बाद लोग चटाइयां लेकर घर जाने लगे। गार्डों ने सबको पकड़-पकड़कर मैट रखवा लीं।

RSS शाखा परिसर में किया गया व्‍यायाम

अंबेडकर पार्क और लोहिया पार्क में हजारों लोग एकसाथ योग कर रहे हैं। गोमतीनगर स्थित RSS की लक्ष्मण शाखा परिसर में सीनियर सिटीजंस ने व्यायाम किया। इस वर्ष ‘Yoga For Health Ageing’ थीम पर आधारित है। मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से लखनऊ समेत पूरे प्रदेश के मदरसा शिक्षकों और छात्रों को योग करने के लिए निर्देश जारी किया गया है।

गोंडा में PCS अफसर की बेटी ने लोगों को योग सिखाया। 8 साल की बच्ची को मुश्किल आसन आसानी से करते देख लोग हैरान रह गए।

नियमित योग को बनाना होगा जीवन का हिस्‍सा: योगी

सीएम योगी ने झांसी के किले में योग दिवस समारोह के दौरान कहा- ‘हमें नियमित योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। जिसके पास योग से तपा शरीर है, वहां न रोग है, न ही बुढ़ापा। हम सभी पीएम मोदी के आभारी हैं। उन्होंने भारत की परंपरा और विरासत को दुनिया में पहचान दिलाई है। इससे 140 करोड़ भारतीयों का मान बढ़ा है। विकसित भारत के सपने को पूरा करने की दिशा में एक साफ सोच सामने आई है।’

इससे पहले, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनभवन में योगासन किए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्राणायाम किया। उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने प्रयागराज में योग के दौरान शपथ भी ली। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने मुरादाबाद में योग किया। प्रयागराज में संगम किनारे हजारों लोगों ने एक साथ योग किया।

मंत्री गुलाब देवी बोलीं- शरीर स्वस्थ रहेगा तो मस्तिष्क भी स्वस्थ रहेगा

संभल में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने योग किया। मंत्री ने कहा कि योग हर व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। जब शरीर स्वस्थ रहेगा तो मस्तिष्क भी स्वस्थ रहेगा। उन्होंने योग का विरोध करने वालों की सोच को संकीर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी मानसिकता का त्याग किया जाना चाहिए।

प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किया योग

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में योग किया। संगम नोज पर योग कार्यक्रम के बाद केशव ने शपथ ली कि वे स्वयं, अपने परिवार, कार्यक्षेत्र, समाज और पूरे विश्व के प्रति जिम्मेदार रहेंगे। शांति, आनंद, स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

Post Comment

You May Have Missed