यूपी में आंधी-बारिश से 19 मौतें, सीएम योगी ने अधिकारियों को जारी किए दिशा-निर्देश

यूपी में आंधी-बारिश से 19 मौतें, सीएम योगी ने अधिकारियों को जारी किए दिशा-निर्देश

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के मद्देनजर संबंधित जिलों के अधिकारियों को राहत कार्यों को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करें, सर्वे करें और राहत कार्यों की निगरानी रखें। अगर आकाशीय बिजली, तूफान या भारी बारिश से जनहानि या पशुहानि होती है तो तुरंत प्रभावित लोगों को राहत राशि वितरित की जाए और घायलों का उचित इलाज कराया जाए।

मुख्यमंत्री योगी ने यह भी निर्देश दिया कि अधिकारियों द्वारा फसल नुकसान का आकलन करने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही, जल-जमाव की स्थिति उत्पन्न होने पर जल निकासी की व्यवस्था प्राथमिकता से की जाए।

तूफानी बारिश से 19 लोगों की मौत

बुधवार को प्रदेश भर में आए तूफान और बारिश ने 19 लोगों की जान ले ली, जबकि कई लोग पेड़ गिरने और टिन शेड की वजह से घायल हो गए। पश्चिम उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से दिल्ली से सटे जिलों में इसका प्रभाव अधिक था। आंधी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई, और अनुमान है कि इसने आम की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है।

इसके अलावा मौसम विभाग ने गुरुवार को कई जिलों के लिए बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इनमें प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं आसपास के इलाके शामिल हैं।

Post Comment

You May Have Missed