मिर्जापुर में सीएम योगी ने की विकास-कार्यों की समीक्षा बैठक, कहा- 15 जुलाई तक भेजें विकास प्रस्ताव
मिर्जापुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रस्ताव 15 जुलाई तक शासन को भेजे जाएं, जिससे 15 अगस्त तक उनकी स्वीकृति के साथ धनराशि जारी की जा सके।

मुख्यमंत्री योगी ने अष्टभुजा गेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताई और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के विधायकों के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ओडीआर, एमओआर, सेतु निर्माण, धर्मार्थ कार्य, बाईपास और लॉजिस्टिक रोड से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की।

15 अगस्त तक जारी होगी धनराशि
सीएम योगी ने सभी विधायकों से सांसदों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता वाले विकास प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रस्तावों को बिना किसी विलंब के शासन को भेजा जाए, जिससे 15 जुलाई तक उनकी स्वीकृति मिल सके और 15 अगस्त तक संबंधित परियोजनाओं के लिए धनराशि जारी की जा सके।

बैठक में क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने मतवार रोड सहित पुराने मार्गों की मरम्मत और इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए। जिन परियोजनाओं में वन विभाग की अनापत्ति (एनओसी) आवश्यक है, उनमें स्थानीय स्तर पर शीघ्र अनुमति सुनिश्चित करने को कहा।

सीएम योगी ने नगर क्षेत्र की सड़कों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने पर विशेष जोर दिया। विंध्याचल, अष्टभुजा और कालीखोह को जोड़ने वाले मार्गों के सौंदर्यीकरण के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनसुविधा से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं और विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा होती रहे।
बैठक में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, सांसद रमाशंकर सिंह पटेल, नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र, विधायक अनुराग सिंह, विधायक शुचिस्मिता मौर्य, विधायक रिंकी कोल, विधायक विनीत सिंह सहित तीनों जनपदों के जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



Post Comment