Chirag Paswan: यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार
Chirag Paswan: उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी के मद्देनज़र लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी कमर कस ली है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो एंड सेंटर मार्ट में आयोजित ‘मिराकी’ कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बड़ा चुनावी एलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है और इसके लिए राज्य इकाई जल्द ही केंद्रीय संसदीय बोर्ड को एक औपचारिक प्रस्ताव भेजेगी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी गठबंधन में चुनाव लड़ेगी या नहीं, अथवा गठबंधन का क्या स्वरूप होगा, इसका फैसला आने वाले महीनों में किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल गठबंधन को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। चिराग पासवान ने भरोसा जताया कि बिहार की तरह लोजपा (रामविलास) उत्तर प्रदेश में भी शानदार प्रदर्शन करेगी।
देशभर में जनाधार बढ़ाने का लक्ष्य
पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार की रूपरेखा साझा करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पंजाब और उत्तराखंड के आगामी चुनावों में भी भागीदारी करेगी। इसके लिए हाल ही में उत्तर प्रदेश में दो बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जबकि उत्तराखंड में कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो चुकी है। पंजाब में भी सांगठनिक कार्यक्रम निर्धारित हैं। पासवान ने पार्टी की राष्ट्रीय उपस्थिति का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड से लेकर नागालैंड तक पार्टी के विधायक हैं, जबकि अरुणाचल प्रदेश और दमन-दीव में भी कार्यकर्ताओं का मजबूत नेटवर्क है। लोजपा (रामविलास) अब इसी तर्ज पर पूरे देश में अपने संगठन का विस्तार करने की रणनीति पर काम कर रही है।



Post Comment