केंद्र सरकार ने दिल्ली धमाके को माना ‘आतंकी घटना’, कैबिनेट ने पास किया प्रस्ताव

केंद्र सरकार ने दिल्ली धमाके को माना 'आतंकी घटना', कैबिनेट ने पास किया प्रस्ताव

नई दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार (12 नवंबर) को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लाल किले के पास हुए धमाके को ‘आतंकी घटना’ करार दिया गया। कैबिनेट ने इस पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और दो मिनट का मौन रखा।

बैठक में प्रस्‍ताव पास करते हुए सरकार ने कहा कि यह कृत्य देश की शांति और एकता पर हमला है। कैबिनेट ने जांच एजेंसियों को निर्देश दिया कि दोषियों, उनके सहयोगियों और प्रायोजकों की पहचान कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। सरकार ने आतंकवाद पर अपनी जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई।

आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस नीति बरकरार

मंत्रिमंडल ने इस आतंकी हमले को ‘कायराना और निंदनीय’ बताया और कहा कि भारत आतंकवाद के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर कायम रहेगा। सरकार ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और जांच में पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।

मोदी कैबिनेट ने दुनिया के कई देशों द्वारा व्यक्त एकजुटता और समर्थन के संदेशों की सराहना की। बैठक में कहा गया कि संकट की घड़ी में वैश्विक सहयोग भारत की दृढ़ता को और मजबूत करता है।

दोषियों को सख्त सजा की चेतावनी

सरकार ने जांच एजेंसियों को निर्देश दिया कि घटना में शामिल सभी आतंकियों, उनके सहयोगियों और प्रायोजकों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाए। केंद्र सरकार ने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।

आतंकियों की दूसरी कार फरीदाबाद में मिली

इधर, पुलिस ने आशंका जताई थी कि दिल्ली धमाके में शामिल आतंकियों के पास एक नहीं, बल्कि दो कारें थीं। लाल रंग की इस फोर्ड इकोस्पोर्ट कार का नंबर DL10-CK-0458 है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को इसकी तलाश के लिए दिल्ली के साथ पड़ोसी राज्यों यूपी और हरियाणा में अलर्ट जारी किया गया था। अलर्ट जारी होने के बाद बुधवार शाम को ही कार को हरियाणा के खंदावली गांव के पास से बरामद किया गया है। यह कार डॉ. उमर उन नबी के नाम पर रजिस्टर्ड है।

प्रधानमंत्री घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे

आज दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार दोपहर भूटान से लौटे। वे एयरपोर्ट से सीधे LNJP अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने दिल्ली ब्लास्ट के घायलों के इलाज का जायजा लिया और डॉक्टरों से भी बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि साजिश को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मोदी LNJP अस्पताल में आधा घंटा रहे। मरीजों से धमाके के वक्त की स्थिति जानी।

Post Comment

You May Have Missed